समाचार · बिहार
20 दिन पहले दुबई गया था गोपालगंज का सोनू, ईरानी मिसाइल अटैक में चली गई जान, समुद्री जहाज पर करता था काम

Iran Missile Attack : गोपालगंज जिले के थावे बाजार निवासी एक युवक की समुद्री जहाज पर मौत की सूचना मिलने से परिवार में मातम छा गया है. परिजनों का दावा है कि ईरान की ओर से हुए मिसाइल हमले में घायल होने के बाद उसकी जान चली गई.
थावे के युवक की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जानकारी अनुसार, गोपालगंज जिले के थावे बाजार निवासी व्यवसायी संजय गुप्ता के पुत्र सोनू कुमार गुप्ता की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. परिजनों के अनुसार, सोनू दुबई की एक शिप कंपनी में कार्यरत था और समुद्री जहाज पर ड्यूटी के दौरान यह घटना हुई.
परिजनों ने मिसाइल हमले में मौत का किया दावा
परिजनों ने बताया कि सोनू पिछले चार वर्षों से दुबई की एक शिप कंपनी में काम कर रहा था. मंगलवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि सऊदी अरब के निकट हार्मुज समुद्री क्षेत्र में मौजूद जहाज पर ईरान की ओर से मिसाइल हमला हुआ. उनका कहना है कि इस हमले में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया था और बाद में उसकी मौत हो गई. हालांकि, इस हमले और मौत की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है.
20 दिन पहले छुट्टी बिताकर लौटा था दुबई
परिजनों के मुताबिक, सोनू करीब 20 दिन पहले ही घर पर छुट्टी बिताने के बाद दुबई वापस गया था. वह परिवार का इकलौता कमाने वाला बेटा था. उसके पिता संजय गुप्ता थावे बाजार में जूता-चप्पल की दुकान चलाते हैं.
घर में पसरा मातम, इलाके में शोक की लहर
सोनू की मौत की सूचना मिलते ही थावे के विदेशी टोला स्थित उसके घर में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस घटना की खबर फैलते ही पूरे थावे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया है और स्थानीय लोग परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं.
Also Read : गोपालगंज एसपी का एक्शन, बरौली थानाध्यक्ष अल्का सिन्हा लाइन हाजिर, जानिए वजह