Tuesday, 14 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

शिवपुरी में बैल पकड़ने पर दो पक्षों में संघर्ष:लाठी-डंडों से हमले में 10 घायल; छह आरोपियों पर केस दर्ज

INT News14 July 2026 at 11:40 am

शिवपुरी जिले के अमोला थाना क्षेत्र के सोन्हर गांव में आवारा पशुओं को जंगल की ओर छोड़ने के दौरान एक बैल पकड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ठाकुर पक्ष के लोगों ने जाटव पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। मारपीट में तीन महिलाओं सहित कुल 10 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अमोला पुलिस ने जाटव पक्ष की शिकायत पर छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप- जातिसूचक गालियां भी दीं

सोन्हर निवासी रामकिशन जाटव (50) ने पुलिस को बताया कि सोमवार को गांव के पवन ठाकुर और रिंकू ठाकुर सहित कुछ अन्य लोग आवारा गाय-बैलों को भडाड़्यापुरा के जंगल की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान रामकिशन ने एक बैल को पकड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि इस बात पर पवन ठाकुर और रिंकू ठाकुर ने जातिसूचक गालियां दीं। जब रामकिशन ने इसका विरोध किया, तो पवन ठाकुर ने उन पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उनके दोनों पैरों और हाथ में चोटें आईं। बचाने आए भतीजे को भी चोट आई

रामकिशन को बचाने पहुंचे उनके भतीजे रायभान जाटव पर भी रिंकू ठाकुर ने लाठी से हमला कर दिया, जिससे रायभान के सिर और हाथ की उंगलियों में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद बीच-बचाव करने आए सुरेंद्र जाटव, भोला जाटव, अमित जाटव, प्रमोद जाटव, मोनू जाटव, पूजा जाटव, राजकुमारी जाटव और सुमन जाटव सहित अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। अमोला थाना पुलिस ने रामकिशन जाटव की शिकायत के आधार पर पवन ठाकुर, रिंकू ठाकुर, प्रशांत ठाकुर, पुष्पेंद्र ठाकुर, राजबहादुर ठाकुर और मोहन ठाकुर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।