समाचार · छत्तीसगढ़
नगर निगम अंबिकापुर के मनोनीत पार्षदों का शपथ ग्रहण:सात मनोनीत पार्षदों को कलेक्टर ने दिलाई शपथ, MIC की बैठक में लिए गए कई निर्णय
अंबिकापुर नगर निगम के 7 मनोनीत पार्षद ऐल्डरमैन को मंगलवार को सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव थे। शपथ ग्रहण में महापौर मंजूषा भगत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, भाजपा वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर तथा पूर्व सभापति ललन प्रताप सिंह सहित वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। दो ऐल्डरमैन पार्षद अनुपस्थित रहे। राज्य सरकार द्वारा नगर निगम अंबिकापुर के लिए 9 मनोनीत पार्षदों (एल्डरमैन) के नामों की घोषणा की थी। मांगलवार को स्थानीय कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एल्डरमैन पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कलेक्टर सरगुजा अजीत बसंत ने मनोनीत पार्षद करता राम गुप्ता, राज बहादुर शास्त्री, सावित्री जायसवाल, संतोष दास, रमेश जायसवाल, शरद सिन्हा तथा श्रीधर केशरी को एल्डरमैन पद के कर्तव्य निर्वहन की शपथ दिलाई। 4 दो एल्डरमैन तेजिंदर बग्गा व किरण सोनी के अनुपस्थित होने के कारण उन्हें शपथ नहीं दिलाई जा सकी। समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह ने सभी मनोनीत पार्षदों को शुभकामनाएं दीं तथा आम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए निगम क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए दृढ़ता से लगे रहने का आह्वान किया। महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने सभी एल्डरमैन को बधाई देते हुए कहा कि अब निगम में आप सभी के आ जाने से मेरी टीम और मजबूत हो गई है। इस अवसर पर भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि मनोनीत पार्षदों की निगम में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका होती है, आप जनता की आवाज बनकर सबकी उम्मीदों पर खरे उतरें, मेरी शुभकामनाएं। इस अवसर पर निगम आयुक्त डीएन कश्यप, निगम के पार्षद सहित नागरिक उपस्थित थे।
एमआईसी की बैठक में कई निर्णय
मंगलवार को नगर निगम की एमआईसी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए तीन चौकों में ट्रेफिक सिग्नल लगाने और आवारा मवेशियों पर रोकथाम के लिए पुनर्वास सेंटर स्थापित करने का निर्णय लिया गया।
महापौर मंजूषा भगत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 15 एजेंडों पर चर्चा की गई। बैठक में विशेष रूप से सड़क में मवेशियों के बैठने के कारण हो रहे हादसों पर चर्चा की गई। महापौर ने कहा कि मवेशी अपनी बात नहीं बता सकते। वे गर्मी के लिए सड़क पर बैठते हैं। मवेशियों को सड़क पर छोड़ने वाले पशु पालकों को नोटिस दिया जाएगा।
एमआईसी की बैठक में आवारा मवेशियों के पुनर्वास, सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण एवं संचालन, वॉल राइटिंग विज्ञापन शुल्क निर्धारण और अहाता निर्माण की अनुमति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी निर्णय लिया गए बैठक में कबीर वार्ड स्थित सामुदायिक भवन का नाम बिरसा मुंडा सामुदायिक भवन तथा रामानुज वार्ड स्थित सामुदायिक भवन का नाम महारानी अहिल्याबाई होल्कर सामुदायिक भवन रखने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगी।