Tuesday, 14 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

केन-बेतवा परियोजना: किसानों के धरने को कांग्रेस का समर्थन:नेता प्रतिपक्ष सिंघार 12वें दिन हुए शामिल, बोले-किसानों की जमीन नहीं छिनने देंगे

INT News14 July 2026 at 07:52 pm

छतरपुर में केन-बेतवा लिंक परियोजना के विरोध में किसानों का आंदोलन लगातार जारी है। मंगलवार को आंदोलन के 12वें दिन मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार कुपी गांव के पास बराना नदी किनारे चल रहे धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस की ओर से किसानों के आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। आंदोलनकारी किसानों का कहना है कि केन-बेतवा लिंक परियोजना उनके हित में नहीं है। उनका आरोप है कि परियोजना के कारण बुंदेलखंड के किसानों की उपजाऊ जमीन डूब क्षेत्र में चली जाएगी और बड़ी संख्या में लोगों को विस्थापित होना पड़ेगा। किसानों ने उचित मुआवजा और पुनर्वास व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। देखिए तीन तस्वीरें… उमंग सिंघार ने सरकार पर साधा निशाना धरना स्थल पर किसानों को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि केन-बेतवा परियोजना के नाम पर किसानों की उपजाऊ जमीन छीनी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रभावित किसानों की समस्याओं और मुआवजे के मुद्दे पर गंभीर नहीं है। सिंघार ने कहा कि कांग्रेस किसानों के हक की इस लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है। धरने के दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को दोहराया। आंदोलनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलन तेज करने की चेतावनी किसानों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही मुआवजे, पुनर्वास और अन्य मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कांग्रेस के समर्थन के बाद केन-बेतवा लिंक परियोजना का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है।