Tuesday, 14 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कुबेरेश्वर धाम जा रहे श्रद्धालु से लूट, दो बदमाश गिरफ्तार:सीहोर पुलिस ने सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से पकड़ा, तीसरे की तलाश जारी

INT News14 July 2026 at 07:55 pm

सीहोर पुलिस ने कुबेरेश्वर धाम जा रहे एक श्रद्धालु से लूटपाट करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस अब इस मामले में फरार तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार 10 जुलाई को गुना जिले के कुंभराज थाना क्षेत्र के ग्राम बहूखेड़ी निवासी 26 वर्षीय अनिल कुशवाह ट्रेन से सीहोर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। वहां से वे पैदल कुबेरेश्वर धाम जा रहे थे। इसी दौरान आर.के. पैलेस के सामने तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया, मारपीट की और उनका बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में थे मोबाइल, नकदी और जरूरी दस्तावेज पीड़ित के बैग में दो मोबाइल फोन, 2,500 रुपए नकद, पैन कार्ड, वोटर आईडी, बैंक एटीएम कार्ड समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। घटना के बाद अनिल कुशवाह ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी रविंद्र यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने रेलवे स्टेशन और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन सेन निवासी शुगर फैक्ट्री चौराहा, गणेश मंदिर रोड और संदीप उर्फ रिंकू सेन निवासी बड़ी ग्वाल टोली, सीहोर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी है और उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।