समाचार · हरियाणा
हांसी में चोरी और मारपीट के 3 आरोपी काबू:3 मोबाइल बरामद, पुरानी रंजिश में घर में घुसकर हमला
हांसी पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए सफलता हासिल की है। बस अड्डा पुलिस चौकी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया और तीन मोबाइल फोन बरामद किए। वहीं, नारनौंद थाना पुलिस ने मारपीट के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लाठी-डंडे बरामद किए हैं। न्यू सुभाष नगर निवासी एक महिला ने बस अड्डा पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला के अनुसार, दिल्ली से लौटने पर उसने पाया कि देर रात अज्ञात चोर उसके घर से 3 मोबाइल फोन, लगभग 25 हजार रुपए नकद, सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पाजेब और अन्य सामान चुरा ले गए थे। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र का उपयोग करते हुए जांच शुरू की। महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने काली देवी रोड, न्यू सुभाष नगर, हांसी निवासी रोहित पुत्र बलराम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए तीनों मोबाइल बरामद कर लिए गए। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। घर में घुसकर किया था हमला दूसरी घटना में, नारनौंद थाना पुलिस ने 24 जून को गांव कौथ खुर्द में हुई गंभीर मारपीट के मामले में कार्रवाई की। शिकायतकर्ता गुरमीत ने आरोप लगाया था कि पुरानी रंजिश के चलते सोनू पुत्र साधुराम और कुलदीप पुत्र साधुराम, दोनों निवासी कौथ खुर्द, ने उनके घर में घुसकर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल गुरमीत को पहले सीएचसी नारनौंद ले जाया गया और बाद में हिसार के नागरिक अस्पताल रेफर किया गया था। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट, एक्स-रे रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों सोनू और कुलदीप को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त दो लाठी-डंडे भी बरामद किए गए। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।