Tuesday, 14 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

ग्वालियर में भाजपा नेता के घर से 2KG सोना चोरी:4 KG चांदी और 10 लाख कैश भी ले गए चोर; खुली अलमारी देख पत्नी बेहोश

INT News14 July 2026 at 07:51 pm

ग्वालियर में एक भाजपा नेता के घर से 3.5 करोड़ के पुश्तैनी गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। हालांकि, पुलिस रिकॉर्ड में यह एक करोड़ रुपए की चोरी मानी जा रही है। घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के आदित्यपुरम की है। भाजपा नेता राजा भैया गुर्जर प्रॉपर्टी का कारोबार और ठेकेदार हैं। सोमवार रात को ही वे भोपाल से ग्वालियर लौटे थे। इसके बाद परिवार को लेकर रात में ही कालिका माता की पूजा के लिए गांव बसहरा गोहद भिंड चले गए। मंगलवार को वापस लौटे तो चोरी का पता लगा। घर में बिखरा पड़ा सामान और खाली पड़ी अलमारी को देखकर भाजपा नेता की पत्नी बेहोश गई। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह खुद घटना स्थल पर पहुंचे हैं। फिलहाल फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट, स्निफर डॉग स्क्वॉड, क्राइम ब्रांच के जवान भी स्पॉट पर छानबीन कर चुके हैं। भाजता नेता का कहना- 2 किलो से ज्यादा सोना चोरी हुआ राजा भैया गुर्जर ने बताया है कि घर से 2 किलो से ज्यादा का सोना, करीब 4 किलो चांदी, 5 से 10 लाख रुपए कैश चोरी हुआ है। चोरी गया सोना पुश्तैनी है जो उनका खानदानी था। जिसमें आधा दर्जन तो बड़े हार शामिल हैं। साथ ही सोने की कई चेन, चूड़ियों के सेट, अंगुठियां, झुमकों के भी 10-10 सेट शामिल हैं। इसके अलावा सोने की करधोनी, नेकलेस सेट आदि सामान है। भाजपा नेता के अनुसार चोरी गए माल की कीमत लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपए से ज्यादा है। चोरी गए सामान की सूची भाजपा नेता ने पुलिस अफसरों को सौंप दी है। यहां महाराजपुरा थाना पुलिस ने 1 करोड़ रुपए के माल चोरी होने की बात कही है। कालिका माता की पूजा करने गए थे गांव महाराजपुरा आदित्यपुर स्थित जनकपुरी निवासी राजा भैया गुर्जर पुत्र रसाल सिंह गुर्जर पेशे से प्रॉपर्टी कारोबारी व ठेकेदार हैं। साथ ही वह भाजपा के बड़े नेता हैं। वह भाजपा में पूर्व कोषाध्यक्ष ग्रामीण रह चुक हैं और अभी संगठन में काम कर रहे हैं। वह अक्सर काम के सिलसिले में भोपाल रहते हैं। कुछ दिन से वह राजनीतिक व अपने ठेकेदारी के काम के सिलसिले में भोपाल ही थे। सोमवार रात को वह भोपाल से ग्वालियर लौटे थे। रात को ही गाड़ी उठाकर तत्काल परिवार को लेकर अपने गांव बसहरा गोहद भिंड के लिए निकल गए। वहां कुलदेवी कालिका माता की पूजा लगनी थी। मंगलवार को जब वह गांव से वापस लौटे तो उनके सूने मकान के ताले टूटे हुए मिले हैं। खुली अलमारी देखकर पत्नी हुई बेहोश जब राजा भैया गुर्जर, गांव से पूजा-अर्चना कर परिवार के साथ वापस लौटे, तो घर का मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे। जैसे ही वे पहली मंजिल से होते हुए मकान की ऊपरी मंजिल पर बने बेडरूम में गए, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरे के भीतर रखीं अलमारियों के लॉकर टूटे पड़े थे। अलमारी में रखी पुश्तैनी और कीमती ज्वेलरी के डिब्बे खाली जमीन पर बिखरे थे और बैग में रखी नकदी (कैश) गायब थी। सदमे के कारण उनकी पत्नी वहीं अचेत होकर गिर पड़ीं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया और पुलिस को सूचित किया गया। सीसीटीवी से बचे चोर; फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वॉड एक्टिव इस हाई-प्रोफाइल चोरी में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती चोरों का सुराग लगाना है। महाराजपुरा टीआई यशवंत गोयल ने बताया आदित्यपुरम में एक ठेकेदार के सूने घर से भारी मात्रा में जेवर और नकदी चोरी होने की शिकायत मिली है। पीड़ित पक्ष ने चोरी गए माल की सूची बताई है। घटना स्थल का बारीकी से मुआयना किया गया है। फिंगरप्रिंट और सायबर सेल की टीमें सुराग जुटा रही हैं। आने-जाने वाले सभी रास्तों पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।