समाचार · छत्तीसगढ़
राजनांदगांव में 5.41 लाख की साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार:त्योहारों के चलते 10 असामाजिक तत्वों पर भी हुई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
राजनांदगांव जिले में साइबर अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयां की हैं। सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल ने साइबर धोखाधड़ी की रकम के लेनदेन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल अकाउंट के मामले में 58 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, गणेश उत्सव के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए जिले में 10 प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर की गई। 5.41 लाख रुपए का लेनदेन सामने आया सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने दीपक शर्मा (58), निवासी अटल आवास लखोली को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के पोर्टल से मिली जानकारी के आधार पर खाते की जांच की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी के बैंक खाते का इस्तेमाल 5 लाख 41 हजार 99 रुपए की अवैध रकम के लेनदेन और ट्रांसफर के लिए किया गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया। BNS की 3 धाराओं में केस, जेल भेजा पुलिस ने दीपक शर्मा के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 562/26 के तहत BNS की धारा 317(4), 317(5) और 3(5) में मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार, उप निरीक्षक सुमेंद्र खरे, प्रधान आरक्षक जी. सिरिल कुमार और साइबर सेल की टीम की भूमिका रही। गणेश उत्सव में 10 प्रतिबंधात्मक कार्रवाई गणेश उत्सव के दौरान जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस ने असामाजिक तत्वों और निगरानी बदमाशों पर भी कार्रवाई की। जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में धारा 170 BNSS के तहत कुल 10 प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गईं। इनमें सिटी कोतवाली में 5, लालबाग थाने में 2, चिखली चौकी में 1, सुरगी चौकी में 1 और डोंगरगढ़ थाने में 1 कार्रवाई शामिल है। बैंक खाता या सिम देने से पहले सावधान रहें राजनांदगांव पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी व्यक्ति के बहकावे, कमीशन या लालच में आकर अपना बैंक खाता, ATM कार्ड, चेकबुक या मोबाइल सिम किसी को इस्तेमाल के लिए न दें। पुलिस के मुताबिक, बैंक खाते को गेमिंग, सट्टेबाजी, डिजिटल अरेस्ट या साइबर ठगी जैसी गतिविधियों के लिए बेचना या किराए पर देना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। ऐसे मामलों में खाता धारक भी जांच के दायरे में आ सकता है। पुलिस ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से गणेश उत्सव मनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या साइबर सेल को देने की अपील की है।