Monday, 21 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सुनसान जगह पर मिल रहे युवक-युवती को लगाया था करंट:इलाज के दौरान युवक मौत; खेत में घायल मिले थे दोनों, तीन आरोपी गिरफ्तार

INT News20 September 2026 at 07:48 pm

मंडला के नैनपुर थाना क्षेत्र की पिंडरई चौकी के खिरसारू गांव में 26 अगस्त को एक युवक-युवती घायल मिले थे। इस मामले में पुलिस ने रविवार को खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, गांव की युवती से बाहर के गांव का युवक बात कर रहा था। इस बात पर आपत्ति जताते हुए तीन आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की। इसके बाद उन्हें बिजली के तार से बांधकर करंट लगाया गया। आरोपियों ने दोनों को मरा समझकर खेत में छोड़ दिया था। इस घटना में गंभीर रूप से घायल अभिषेक की 16 सितंबर को नागपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। 25 अगस्त को आरोपियों ने की थी मारपीट पुलिस की जांच और पीड़िता बिन्दो बाई कुलस्ते के बयानों के अनुसार, 25 अगस्त की रात बिन्दो बाई और अभिषेक धुर्वे एक सुनसान जगह पर बात कर रहे थे। तभी आरोपियों ने उन्हें देख लिया। आरोपियों ने युवक और युवती दोनों के साथ मारपीट की। मारपीट के बाद दोनों को बिजली के तार से बांधकर करंट लगाया गया। आरोपियों ने उन्हें मरा समझकर घटनास्थल से दूर खेत में छोड़ दिया था। खेत में मिले थे घायल 26 अगस्त की सुबह ग्रामीणों ने युवक और युवती को अलग-अलग जगहों पर घायल हालत में देखा। सूचना मिलने पर पिंडरई पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। घटना में गंभीर रूप से घायल अभिषेक को बेहतर इलाज के लिए नागपुर ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान 16 सितंबर को उसकी मौत हो गई। अभिषेक की मौत के बाद नैनपुर थाने में पहले से दर्ज मर्ग की जांच आगे बढ़ाई गई। पुलिस ने पीड़िता के बयानों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ीं। हत्या का मामला दर्ज इसके बाद 19 सितंबर को हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने मिली जानकारी और तकनीकी सबूतों के आधार पर संदिग्ध आरोपियों चमरालाल उर्फ भूरा मरावी (56), लालसिंह उर्फ नरबद मरावी (27) और सुशील कुमार उर्फ शुक्लू मरावी (30) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों का अपराध में शामिल होना सामने आया। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है।