Monday, 21 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

किश्तों पर बोलेरो पिकअप खरीदी फिर पार्ट्स बेचे:खंडवा में 5 इंजन बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार; लोडिंग ऑटो को घेराबंदी कर पकड़ा

INT News20 September 2026 at 07:46 pm

खंडवा में फाइनेंस की गाड़ियां खरीदने के बाद उनकी किस्तें जमा नहीं कर पार्ट्स अलग-अलग लोगों को बेचने के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही से बोलेरो पिकअप के 5 इंजन बरामद किए हैं। इंजनों के परिवहन में इस्तेमाल लोडिंग ऑटो भी जब्त किया गया है। कोतवाली टीआई प्रवीण आर्य ने बताया कि रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग चोरी के वाहन इंजनों को लोडिंग ऑटो में रखकर बेचने के लिए ले जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने लौहारी नाका पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक लोडिंग ऑटो को रोककर तलाशी ली गई। उसमें दो युवक बैठे मिले। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अमान पिता अल्ताफ चौहान (24), निवासी गुलमोहर कॉलोनी, खंडवा और तौफिक पिता जावेद शेख (22), निवासी सलूजा कॉलोनी, खंडवा बताए। ऑटो में मिले 3 इंजन, दस्तावेज नहीं थे पुलिस ने ऑटो की तलाशी ली तो उसमें बोलेरो पिकअप के 3 इंजन मिले। पुलिस ने आरोपियों से इंजनों के दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर बोलेरो पिकअप के दो अन्य इंजन भी बरामद किए गए। पुलिस ने कुल 5 इंजन जब्त किए हैं। सेकंड-थर्ड ओनर से खरीदते थे फाइनेंस की गाड़ियां पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों के काम करने का तरीका सामने आया। आरोपी फाइनेंस की गाड़ियां सेकंड या थर्ड ओनर से खरीदते थे। इसके बाद फाइनेंस कंपनी की राशि जमा नहीं करते थे। वाहन के पार्ट्स अलग कर उन्हें अलग-अलग लोगों को बेच देते थे। पुलिस अब बरामद इंजनों के वाहनों की जानकारी जुटा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इंजन कहां से हासिल किए गए थे। मामले में जुड़े अन्य आरोपियों और खरीदारों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। BNS की धाराओं में केस, जांच जारी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 35(1)(4), 106(1) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने इस तरह कितने वाहनों के पार्ट्स बेचे हैं और मामले में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।