Monday, 21 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

गुरुग्राम के एमएलए स्कूल को लेकर हुई बैठक:ग्रामीणों ने बंद होने से बचाने का लिया संकल्प, विधायक-सांसद और शिक्षा विभाग से करेंगे बात

INT News20 September 2026 at 07:48 pm

गुरुग्राम जिले के जाटौली मंडी में स्थित एमएलए वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के भविष्य को लेकर ग्रामीणों की चिंता फिर सामने आई है। रविवार को ग्राम सभा का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष जगदीश सिंह ने की। इस बैठक में ग्रामीणों ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि वे विद्यालय को बंद होने से बचाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएंगे। ग्राम सभा में ग्रामीणों ने बताया कि एक समय इस एमएलए विद्यालय में करीब 3 हजार छात्र पढ़ते थे। हालांकि, अब छात्रों की संख्या काफी कम हो गई है। ग्रामीणों के अनुसार, सरकार से मिलने वाला अनुदान कई साल पहले बंद हो गया था। इससे विद्यालय के संचालन पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है, जिससे इसके भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है। स्कूल भवन और परिसर की अनदेखी से ग्रामीण नाराज ग्रामीणों ने यह भी बताया कि सितंबर 2019 में जाटौली मंडी में सरकारी विद्यालय की मांग को लेकर एक बड़ी पंचायत हुई थी। इसके बाद क्षेत्र में सरकारी विद्यालय की व्यवस्था की गई। ग्रामीणों के अनुसार, एमएलए विद्यालय परिसर में ट्रस्ट के सदस्यों के साथ हुई बैठक में विद्यालय के संबंध में एक साल का समय मांगा गया था। हालांकि, इस बात को करीब पांच साल बीत चुके हैं, लेकिन विद्यालय की इमारत और परिसर की देखरेख व संचालन के लिए कोई खास कदम नहीं उठाए गए। ग्राम सभा में ग्रामीणों ने विद्यालय के भविष्य को लेकर अपने सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को विद्यालय प्रबंधन, विधायक, सांसद और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के सामने उठाया जाएगा। इसका मकसद विद्यालय के संरक्षण और संचालन के लिए ठोस कदम उठाना है। एसटीपी के पानी से विद्यालय परिसर प्रभावित होने का आरोप ग्रामीणों ने विद्यालय की जमीन और संपत्ति को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की संपत्ति से जुड़े मामलों में पारदर्शिता होनी चाहिए। इस संबंध में प्रशासन और संबंधित विभागों के सामने अपनी बात रखी जाएगी। बैठक में एसटीपी के पानी से विद्यालय परिसर पर असर पड़ने का दावा भी किया गया। इसके अलावा, बिजली-पानी और क्षेत्र की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई। ग्राम सभा में एसटीपी से जुड़ी समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। ग्रामीणों ने कहा कि वे दूसरे गांवों का पानी एसटीपी में लाए जाने का विरोध करेंगे। उनका आरोप है कि एसटीपी से निकलने वाला पानी आसपास के क्षेत्र और पुराने कॉलेज परिसर को प्रभावित कर रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, कॉलेज परिसर में पानी जमा होने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने एसटीपी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई। इसके अलावा बिजली-पानी सहित क्षेत्र की अन्य मूलभूत समस्याओं पर भी चर्चा की गई। चेयरमैन प्रवीण ठाकरिया ने दिया सहयोग का भरोसा ग्राम सभा में नगर परिषद चेयरमैन प्रवीण ठाकरिया ने कहा कि वे गांव की समस्याओं को सरकार के समक्ष उठाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने ग्रामीणों को सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे उनके साथ खड़े हैं। ग्रामीणों ने कहा कि जाटौली मंडी के शिक्षण संस्थानों और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। इस अवसर पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष जगदीश सिंह, पार्षद रवि चौहान, कृष्ण कुमार, मनोज कुमारी, मंगल सिंह, पूर्व कप्तान जनक चौहान, सतपाल चौहान, राय सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य युवा मोर्चा मास्टर सुरेंद्र चौहान, पूर्व कमांडर योगेश चौहान, भारत नंबरदार, सुभाष चौहान, गौरव शर्मा, हितेश चौहान, अनिल शर्मा, अजयपाल सिंह, हरीश चौहान, पार्थ सोनी, किशोर चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।