समाचार · पंजाब
बरनाला में धार्मिक स्थल पर चोरों का धावा:पहले शीश नवाया, फिर नकदी से भरा गल्ला लेकर भागे दो चोर, वारदात सीसीटीवी में कैद
बरनाला क्षेत्र के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल 'नाथों का डेरा' में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर परिसर से चढ़ावे से भरा भारी गल्ला उठाकर फरार हो गए। यह घटना उस समय हुई जब परिसर में कोई सेवादार या श्रद्धालु मौजूद नहीं था। जब श्रद्धालु और सेवादार नियमित सेवा-पूजा के लिए डेरे में पहुंचे, तो गल्ला अपनी जगह से गायब देखकर वे हैरान रह गए। इसके तुरंत बाद परिसर में लगे सुरक्षा कैमरों (सीसीटीवी) की फुटेज खंगाली गई, जिससे पूरी वारदात का खुलासा हुआ। सीसीटीवी में कैद हुई अनोखी चोरी सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि दो बदमाश चारदीवारी फांदकर डेरे के आंगन में दाखिल हुए। आंगन में पहुंचते ही एक चोर ने सीधे गल्ले को उठाने का प्रयास किया, जबकि उसके साथी ने पहले मूर्ति के समक्ष हाथ जोड़कर मत्था टेका ताकि किसी को कोई संदेह न हो। इसके पश्चात दोनों आरोपी भारी गल्ले को उठाकर उसी रास्ते से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना महल कलां की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों का सारा डेटा अपने कब्जे में ले लिया है। एसएचओ महल कलां ने बताया कि फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों के चेहरों की पहचान की जा रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी तेज कर दी गई है। उन्होंने दावा किया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।