Monday, 21 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

UP NEET UG 2026: दूसरे चरण की काउंसलिंग का शेड्यूल जारी, 21 सितंबर से च्वाइस फिलिंग; जानें कब आएगा सीट आवंटन रिजल्ट

INT News20 September 2026 at 07:44 pm

UP NEET UG 2026: यूपी नीट यूजी-2026 की दूसरे चरण की काउंसलिंग को लेकर अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म हो गया है. चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय, उत्तर प्रदेश ने संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है. नई समय-सारिणी के मुताबिक 21 सितंबर से च्वाइस फिलिंग शुरू होगी. सीट आवंटन का परिणाम 25 सितंबर को जारी किया जाएगा. वहीं, सीट पाने वाले अभ्यर्थियों को 26 सितंबर से 1 अक्टूबर तक प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.

21 सितंबर से शुरू होगी च्वाइस फिलिंग

दूसरे चरण की मेरिट सूची 21 सितंबर, 2026 को जारी की जाएगी. इसी दिन दोपहर 2 बजे से अभ्यर्थी ऑनलाइन च्वाइस फिलिंग कर सकेंगे. इसके लिए 24 सितंबर को सुबह 11 बजे तक का समय दिया गया है. अभ्यर्थियों को तय अवधि में अपनी पसंद के कॉलेज और पाठ्यक्रम सावधानी से चुनने होंगे.

25 सितंबर को आएगा सीट आवंटन परिणाम

च्वाइस फिलिंग पूरी होने के बाद 25 सितंबर को सीट आवंटन परिणाम जारी किया जाएगा. दूसरे चरण में सीटों का आवंटन नई मेरिट सूची के आधार पर होगा. सीट मिलने वाले अभ्यर्थी 26 सितंबर से 1 अक्टूबर तक अपना आवंटन पत्र डाउनलोड कर सकेंगे. इसी अवधि में उन्हें प्रवेश की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी.

पहले चरण में दाखिला लेने वालों को राहत

पहले चरण की काउंसलिंग में सरकारी या निजी मेडिकल कॉलेज और चिकित्सा विश्वविद्यालय में प्रवेश ले चुके विद्यार्थियों का दाखिला बरकरार रहेगा. शासन के दिशा-निर्देशों के मुताबिक उनके प्रवेश पर दूसरे चरण की काउंसलिंग का असर नहीं पड़ेगा. वहीं, चार राजकीय मेडिकल कॉलेजों में विशेष आरक्षण से जुड़े मामलों पर अदालत के फैसलों के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी.

वेबसाइट और हेल्पलाइन पर मिलेगी जानकारी

अभ्यर्थी काउंसलिंग से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए upneet.gov.in और dgme.up.gov.in देखते रहें. सहायता के लिए 8189011696, 8189011697, 8189011698, 8189011699 और 8189011700 पर संपर्क किया जा सकता है. हेल्पलाइन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेगी.

Also Read: मुरादाबाद में तीन तलाक देने वाले पति को 5 साल की सजा, पत्नी पर तेजाब डालने का भी आरोप, कोर्ट ने सुनाया अहम फैसला