समाचार · छत्तीसगढ़
वॉश-वॉश सिंडिकेट के दो और आरोपी गिरफ्तार…VIDEO:कारोबारी से ठगे थे 1.13 करोड़, खुद को बताते थे D कंपनी के सदस्य;आरोपियों से 4 करोड़ से ज्यादा जब्त कर चुकी पुलिस
रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में सामने आए करोड़ों रुपए के वॉश-वॉश सिंडिकेट (Black Currency Scam) मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी महाराष्ट्र के पालघर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य केमिकल की मदद से काले कागज को असली नोट में बदलने का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी करते थे। इसी तरीके से सालिक-ग्रुप के डायरेक्टर से करीब 1.13 करोड़ रुपए ठगे गए थे। इस मामले में पुलिस पहले 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब रामायण सिंह उर्फ अभिषेक सिंह और दीपक सिंह की गिरफ्तारी के बाद आरोपियों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। 4 करोड़ से ज्यादा कैश पहले ही जब्त पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 4 करोड़ रुपए से अधिक की नगदी बरामद की थी। इसके अलावा 20 मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, नोट के आकार के काले कागज, कांच की प्लेट्स, दस्तावेज और अन्य सामग्री जब्त की गई थी। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 4 करोड़ 2 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के साथ जब्त मोबाइल और उनमें मौजूद डिजिटल सामग्री की तकनीकी जांच की। इस दौरान आरोपियों के आपसी संपर्क और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिली। इसी जांच में रामायण सिंह और दीपक सिंह की भूमिका सामने आई। डिजिटल साक्ष्यों से दोनों तक पहुंची पुलिस पुलिस के मुताबिक तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ से दोनों आरोपियों के संपर्क में होने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी। इसके बाद उनकी गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई गई। लगातार निगरानी और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस टीम ने दोनों को लोकेट कर गिरफ्तार किया। गिरफ्तार रामायण सिंह उर्फ अभिषेक सिंह (39) मुंबई के विरार वेस्ट और दीपक सिंह (46) मीरा रोड, पालघर का रहने वाला है। दोनों से ठगी के नेटवर्क और मामले में उनकी भूमिका को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आने वाली जानकारियों के आधार पर मामले में आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।