समाचार · मध्य प्रदेश
शाजापुर के स्कूल में ई-वेस्ट जमा करने का कॉर्नर बना:विद्यार्थियों ने क्विज में लिया हिस्सा, इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित निपटान की जानकारी दी
शाजापुर के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में ई-वेस्ट के सुरक्षित निपटान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विशेष अभियान क्रमांक 6 के तहत “I am an E-Waste Warrior!” थीम पर हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। स्कूल परिसर में इलेक्ट्रॉनिक कचरा जमा करने के लिए एक कॉर्नर भी बनाया गया है। मोबाइल, चार्जर और बैटरी अलग जमा करने की अपील विद्यार्थियों को अनुपयोगी मोबाइल, चार्जर, बैटरी, कंप्यूटर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सामान्य कचरे में फेंकने के बजाय अलग जमा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके बाद इस कचरे को अधिकृत संग्रहण केंद्रों तक पहुंचाने की जानकारी दी गई। क्विज में ई-वेस्ट से जुड़े सवाल पूछे क्विज मास्टर ज्योति धाकड़ ने प्रतियोगिता में ई-वेस्ट के दुष्प्रभाव, पर्यावरण की सुरक्षा, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दोबारा इस्तेमाल और सुरक्षित निपटान से जुड़े सवाल पूछे। विद्यार्थियों ने इसमें हिस्सा लिया। आयोजन में डॉ. माखनलाल धानुक, अनवर खान और सुयश प्रताप तोमर ने सहयोग किया। विद्यालय के इको क्लब प्रभारी ओम प्रकाश पाटीदार ने बताया कि ई-वेस्ट में मौजूद हानिकारक पदार्थ मिट्टी, पानी और पर्यावरण को प्रदूषित कर सकते हैं। इसलिए इसे सामान्य कचरे में फेंकने के बजाय अलग जमा करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार और समाज के लोगों को भी इसके सुरक्षित निपटान के लिए प्रेरित करने की अपील की। मिशन लाइफ के तहत चल रहा अभियान विद्यालय के प्राचार्य हेमेंद्र यादव ने बताया कि मिशन लाइफ के तहत विशेष अभियान क्रमांक 6 चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों में सफाई की आदत विकसित करना और उन्हें इलेक्ट्रॉनिक कचरे के बारे में जागरूक करना है। कार्यक्रम में संतोष मालवीय, रविकांत त्रिपाठी, अशोक पाटीदार, प्रेरणा तोमर, ज्योति रिणवा, बद्रीलाल नागर, राजेंद्र मालवीय और विद्यालय के स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।