sports
IND vs NZ: ऑकलैंड में 1 विकेट लेते ही इतिहास रच देंगे अर्शदीप सिंह, 150 विकेट लेने वाले बनेंगे पहले भारतीय

Arshdeep Singh: भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला ऑकलैंड में खेला जाना है. इस मैच में टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की नजर एक ऐसे रिकॉर्ड पर होगी, जो अब तक कोई भारतीय गेंदबाज हासिल नहीं कर सका है. अर्शदीप को बस एक विकेट की जरूरत है और वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 150 विकेट पूरे करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे.
अर्शदीप ने मौजूदा सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबलों में भी अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया है. अब तक वह चार विकेट अपने नाम कर चुके हैं. ऑकलैंड में उनके खाते में जैसे ही एक और विकेट आएगा, वह टी20 इंटरनेशनल में 150 विकेट का आंकड़ा छू लेंगे.
98 पारियों में 149 विकेट, अब सिर्फ एक शिकार दूर
27 वर्षीय अर्शदीप सिंह ने भारत के लिए अब तक 102 टी20 इंटरनेशनल मैचों की 98 पारियों में 149 विकेट हासिल किए हैं. वह पहले ही इस फॉर्मेट में भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन चुके हैं.
अब उनके पास एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है. 150 विकेट पूरे करते ही वह टी20 इंटरनेशनल में यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के 10वें गेंदबाज बन जाएंगे.
ये भी पढ़ें: SA vs AUS: 24 टेस्ट में 100 विकेट, ICC रैंकिंग में भी नंबर-1, मार्को यानसन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रचा इतिहास
99वीं पारी में 150 विकेट तो बनेगा एक और बड़ा रिकॉर्ड
अर्शदीप अगर ऑकलैंड में एक विकेट लेते हैं तो उनका 150वां विकेट 99वीं पारी में आएगा. ऐसा होने पर वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 से कम पारियों में 150 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बन जाएंगे.
अब तक सिर्फ दो स्पिन गेंदबाज 100 से कम पारियों में 150 टी20 इंटरनेशनल विकेट पूरे कर पाए हैं. श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा ने 90 पारियों में, जबकि अफगानिस्तान के राशिद खान ने 92 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था.
दुनिया के 9 गेंदबाज ही पहुंच पाए हैं 150 विकेट तक
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक सिर्फ नौ गेंदबाज 150 या उससे ज्यादा विकेट लेने में सफल हुए हैं. अर्शदीप के पास ऑकलैंड में इस खास क्लब में शामिल होने का मौका है.
इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड राशिद खान के नाम है. अफगानिस्तान के इस स्टार स्पिनर ने 119 मैचों में 199 विकेट चटकाए हैं. इंग्लैंड के आदिल राशिद 153 मैचों में 171 विकेट के साथ दूसरे नंबर पर हैं.
ये भी पढ़ें: ICC T20I Rankings: अभिषेक शर्मा बने टी-20 के नंबर-1 बल्लेबाज, ईशान किशन तीसरे पर खिसके, देखें पूरी लिस्ट
अर्शदीप के साथ सैंटनर पर भी नजर
ऑकलैंड में सिर्फ अर्शदीप ही रिकॉर्ड के करीब नहीं हैं. न्यूजीलैंड के कप्तान और अनुभवी स्पिन गेंदबाज मिचेल सैंटनर भी 150 टी20 इंटरनेशनल विकेट से सिर्फ एक कदम दूर हैं. सैंटनर के नाम अब तक 141 मैचों में 149 विकेट दर्ज हैं.यानी ऑकलैंड में एक विकेट दोनों गेंदबाजों को 150 विकेट के खास क्लब में पहुंचा सकता है.
बुमराह से आगे निकल चुके हैं अर्शदीप
अर्शदीप ने 2022 में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था और कुछ ही वर्षों में वह भारत के टी20 गेंदबाजी आक्रमण का अहम हिस्सा बन गए हैं. टी20 इंटरनेशनल में भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी वही हैं.
उनके बाद जसप्रीत बुमराह का नंबर आता है, जिनके नाम 100 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 126 विकेट हैं. हालांकि बुमराह मौजूदा न्यूजीलैंड सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ: चौथे T20 में 18 रन बनाते ही अभिषेक शर्मा रच देंगे इतिहास, ऐसा करने वाले बनेंगे पहले भारतीय