समाचार · पंजाब
ऑटो से गिरे बुजुर्ग के 1 लाख रुपए:मोगा पुलिस ने CCTV से एक घंटे में ढूंढे; महिलाओं से बरामद कर लौटाए
मोगा के गांव साफूवाला निवासी बुजुर्ग जंग सिंह के रास्ते में गिर गए 1 लाख रुपए मोगा थाना सिटी पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर तलाश कर उन्हें वापस सौंप दिए। जंग सिंह यह रकम अपने बेटे को भेजने के लिए सुनार के पास सोने के गहने गिरवी रखकर लाए थे। उनका बेटा पुर्तगाल में रहता है। डीएसपी सिटी जतिंदर सिंह गिल ने बताया कि जंग सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि ऑटो में सफर के दौरान उनके 1 लाख रुपए कहीं गिर गए हैं। सूचना मिलते ही थाना सिटी के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह भुल्लर के नेतृत्व में मुख्य मुंशी दिलराज सिंह और उनकी टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संबंधित ऑटो ड्राइवर का पता लगाया। जंग सिंह ने पुलिस का जताया आभार ऑटो ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि उसने जंग सिंह के साथ सफर कर रही दो महिलाओं को गांव चुप्पकीती में छोड़ा था। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत गांव पहुंची और महिलाओं से पूछताछ की। महिलाओं के पास से 1 लाख रुपए बरामद कर लिए गए। महिलाओं ने बताया कि उन्हें यह रकम सड़क पर गिरी हुई मिली थी। उनका कहना था कि यदि कोई व्यक्ति पैसे तलाशते हुए आता तो पहचान बताने पर वे रकम लौटा देतीं। बाद में पुलिस ने रकम जंग सिंह को सौंप दी। जंग सिंह ने पुलिस का आभार जताते हुए संबंधित कर्मचारियों को सम्मानित करने की मांग की।