समाचार · पंजाब
सरदूलगढ़ में गुरु रविदास प्रकाश पर्व पर ड्रोन शो:500 ड्रोन से बनीं आकृतियां; सरकार के प्रोग्राम में विधायक-डीसी भी पहुंचे
पंजाब सरकार ने श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित कार्यक्रमों की कड़ी में सरदूलगढ़ में एक ड्रोन शो का आयोजन किया। हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने इस शो का आनंद लिया। इस कार्यक्रम में हलका विधायक गुरप्रीत सिंह बनांवाली और डिप्टी कमिश्नर नवजोत कौर शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान आसमान में 500 ड्रोन की मदद से गुरु साहिब के जीवन और बाणी से जुड़ी अलग-अलग आकृतियां बनाई गईं। दर्शकों ने इन्हें काफी पसंद किया। इस मौके पर विधायक गुरप्रीत सिंह बनांवाली ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी और बच्चों को श्री गुरु रविदास महाराज जी के मानवता, समानता और भाईचारे के मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूद लोगों ने ड्रोन शो के जरिए गुरु रविदास महाराज जी के जीवन सिद्धांतों को देखा है। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद किया। विधायक ने बताया कि पूरे पंजाब के 92 विधानसभा हलकों में इस ड्रोन शो के जरिए श्री गुरु रविदास महाराज जी की शिक्षाओं और बाणी के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। वारें गाकर लोगों का मन मोहा कार्यक्रम के दौरान हरजिंदर सिंह हंस के ढाडी जत्थे ने वारें गाकर लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के आखिर में विधायक गुरप्रीत सिंह बनांवाली ने ढाडी जत्थे, डीसी, एडीसी, एसडीएम और तहसीलदार को सम्मानित किया। ये रहे मौजूद इस अवसर पर एडीसी पूनम सिंह, उप मंडल मजिस्ट्रेट हरजिंदर सिंह जस्सल समेत दूसरे प्रशासनिक अधिकारी, इलाके के खास लोग और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।