Wednesday, 2 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

देवास जिला अस्पताल में हटाई गई कर्मचारी फिर ड्यूटी पर:आदेश के बावजूद जन्म-मृत्यु शाखा में काम करती मिली, सिविल सर्जन बोले-कंपनी से करेंगे बात

INT News2 September 2026 at 02:45 pm

देवास जिला अस्पताल में कागजों में हटाई कर्मचारी फिर मिली ड्यूटी पर, जन्म-मृत्यु शाखा में काम करते वीडियो सामने आया देवास जिला अस्पताल में आउटसोर्स कर्मचारी को हटाने का आदेश जारी होने के बावजूद उसके ड्यूटी करने का मामला सामने आया है। संबंधित कर्मचारी को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा में कथित अवैध वसूली की शिकायतों के बाद हटाया गया था। इसके बावजूद गुरुवार को सामने आए एक वीडियो में वह इसी शाखा में काम करती नजर आई। अवैध वसूली की शिकायत के बाद हटाने के निर्देश जिला अस्पताल की जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा में कुछ समय पहले अवैध वसूली की शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद दिशा की बैठक में सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने संबंधित कर्मचारी पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद सीएमएचओ और सिविल सर्जन की ओर से आउटसोर्स कर्मचारी पिंकी कुमावत को हटाने के निर्देश दिए गए। जिस कंपनी के माध्यम से उसकी नियुक्ति हुई थी, कंपनी ने भी उसे पद से हटा दिया था। कंपनी की ओर से कहा गया था कि वह जिला अस्पताल में अब कोई काम नहीं करेगी। आदेश के बाद भी शाखा में करती मिली काम गुरुवार को सामने आए वीडियो ने पूरे मामले को फिर चर्चा में ला दिया। वीडियो में पिंकी कुमावत जिला अस्पताल की जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा में बैठकर काम करती दिखाई दे रही है। इससे कर्मचारी को हटाने के आदेश के पालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने लगी है। कागजों में कार्रवाई होने के बावजूद कर्मचारी के दोबारा उसी शाखा में काम करने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। सिविल सर्जन बोले- कंपनी से करेंगे बात सिविल सर्जन डॉ. एसके खरे ने बताया कि संबंधित कर्मचारी को हटाने के निर्देश कंपनी को पहले ही दिए जा चुके थे। उन्होंने कहा कि कंपनी से बात कर यह जानकारी ली जाएगी कि कर्मचारी जिला अस्पताल में किस तरह काम कर रही थी। इसके बाद आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।