Wednesday, 2 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सतना में भारी बारिश, युवक बाइक समेत नाले में बहा:7 घंटे में 4 इंच से ज्यादा बारिश, कॉलोनियों में 3 फीट पानी; कोर्ट भवन में भी घुसा

INT News2 September 2026 at 02:52 pm

सतना में बुधवार सुबह से शुरू हुई तेज बारिश ने शहर और ग्रामीण इलाकों में परेशानी बढ़ा दी। करीब सात घंटे में 4 इंच से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया। उमरी, मास्टर प्लान, भरहुत नगर और एमपी नगर की कॉलोनियां पानी में डूब गईं। कई घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोग अपना सामान बचाने में जुटे रहे। सिविल लाइन स्थित कोर्ट भवन में भी बारिश का पानी भर गया। नाले में बाइक समेत बहा युवक भरहुत नगर में भाजपा कार्यालय के सामने नाले का बहाव अचानक तेज हो गया। इसी दौरान एक युवक बाइक समेत नाले में बह गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत रस्सी डालकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। तेज बहाव के कारण इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। चार वार्डों में सबसे ज्यादा असर शहर के वार्ड नंबर 2 उमरी, वार्ड नंबर 4 मास्टर प्लान, वार्ड नंबर 7 भरहुत नगर और वार्ड नंबर 6 एमपी नगर में बारिश का सबसे ज्यादा असर दिखा। सड़कों पर पानी भरने से कई जगह यातायात प्रभावित हुआ। भाजपा कार्यालय, सर्किट हाउस और बमहंगवां के आसपास के निचले इलाकों में भी पानी भर गया। दो से तीन फीट पानी जमा होने से लोगों को घरों और दुकानों से सामान निकालने में परेशानी हुई। धारकुंडी आश्रम की गुफा तक पहुंचा पानी लगातार बारिश का असर ग्रामीण और धार्मिक पर्यटन क्षेत्रों में भी देखने को मिला। धारकुंडी आश्रम परिसर की गुफा तक बारिश का पानी पहुंच गया। वहीं जलप्रपात भी तेज बहाव के साथ उफान पर आ गए। ऐसे में नदी, नालों और जलप्रपातों के आसपास जाने वाले लोगों के लिए खतरा बढ़ गया है। जुगलपुर के पास पुलिया धंसी खोही रोड से पालदेव मार्ग पर जुगलपुर के पास पुलिया धंस गई। इससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। वहीं कोटर तहसील क्षेत्र में सेमरावल नदी का जलस्तर तेजी से बढ़कर एक बार फिर पुल तक पहुंच गया। नदी का पानी बढ़ने से आसपास के क्षेत्रों में खतरा बढ़ गया है। रगौली-सुहास की बस्तियों में घुसा पानी कोटर तहसील के रगौली और सुहास गांव में सेमरावल नदी का पानी बस्तियों तक पहुंच गया। कई घरों में पानी घुस गया। तेज बहाव में ट्रैक्टर समेत अन्य वाहन भी पानी में डूब गए। लगातार बढ़ते जलस्तर से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। बारिश जारी रहने पर नदी किनारे बसे गांवों में हालात और बिगड़ने की आशंका है। शहर से गांव तक जलनिकासी की चुनौती लगातार बारिश ने एक बार फिर शहर से लेकर गांव तक जलनिकासी और बाढ़ नियंत्रण व्यवस्था की चुनौती सामने ला दी है। निचले इलाकों में जलभराव के साथ नदी और नालों का जलस्तर बढ़ने से लोगों की परेशानी बढ़ी है। प्रशासन की टीमें प्रभावित इलाकों पर नजर बनाए हुए हैं।