Wednesday, 2 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

जच्चा-बच्चा की मौत, पिता धरने पर बैठे:बोले- 30 हजार रिश्वत नहीं दी इसलिए बेटी को मार दिया, FIR की कर रहे मांग

INT News2 September 2026 at 02:55 pm

रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में प्रसूता कल्पना मिश्रा और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। मृतका के पिता रामशिरोमणि मिश्रा ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कलेक्टर को आवेदन देकर प्रसव के लिए 30 हजार रुपए मांगने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि राशि नहीं देने पर उनकी बेटी की जान ले ली गई। इसी मामले में रामशिरोमणि मिश्रा बुधवार दोपहर से रीवा के सिरमौर चौराहा स्थित तानसेन कॉम्प्लेक्स के सामने धरने पर बैठे हैं। उन्होंने मामले की CBI जांच, दोषियों पर FIR और गिरफ्तारी की मांग की है। 30 हजार रुपए मांगने का आरोप रामशिरोमणि मिश्रा ने आवेदन में बताया कि उनकी बेटी कल्पना मिश्रा को प्रसव के लिए 25 अगस्त को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका आरोप है कि प्रसव के लिए अधीक्षक ने 30 हजार रुपए मांगे गए थे। पैसे नहीं देने के बाद उनकी बेटी की इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने घटना को हत्या बताते हुए CBI जांच की मांग की है। साथ ही दोषियों के खिलाफ तत्काल आपराधिक मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है। मौत से पहले मां से बोली थी- मुझे बचा लो कल्पना मिश्रा का मौत से पहले का वीडियो भी सामने आया था। इसमें वह अपनी मां और परिजनों से मदद की गुहार लगाती दिखाई दे रही थी। वीडियो में वह कह रही थी, “मां, मुझे बचा लो... मैं नहीं बचूंगी, ये लोग मुझे मार डालेंगे।” वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल में इलाज और व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठे थे। दो डॉक्टर और दो नर्सिंग स्टाफ पर कार्रवाई जच्चा-बच्चा की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने दो डॉक्टर और दो नर्सिंग स्टाफ पर निलंबन की कार्रवाई की। मामले की जांच के लिए सात सदस्यीय समिति भी बनाई गई है। परिजनों ने इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने जांच और मेडिकल रिकॉर्ड के आधार पर स्थिति स्पष्ट करने की बात कही है। अस्पताल अधीक्षक भी हटाए गए मामले में बुधवार को संजय गांधी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा को पद से हटा दिया गया। उनकी जगह डॉ. प्रियंक शर्मा को अधीक्षक का प्रभार दिया गया है। इससे पहले डॉ. राहुल मिश्रा का एक वीडियो सामने आया था। इसमें परिजनों से बातचीत के दौरान “22 साल की उम्र में गर्भवती क्यों किया?” जैसी टिप्पणी को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली और परिजनों से व्यवहार को लेकर भी सवाल उठे। पिता बोले- निलंबन पर्याप्त नहीं रामशिरोमणि मिश्रा का कहना है कि कर्मचारियों को निलंबित करना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि घटना के कई दिन बाद भी उनकी मुख्य मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए वे बुधवार दोपहर से धरने पर बैठे हैं। उनकी मांग है कि मामले की CBI जांच हो, दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज की जाए और उन्हें गिरफ्तार किया जाए। उनका कहना है कि कार्रवाई होने तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने आवेदन की प्रतियां रीवा संभाग के आयुक्त और पुलिस अधीक्षक को भी दी हैं। हालांकि, 30 हजार रुपए मांगने और हत्या के आरोप मृतका के पिता ने लगाए हैं। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।