Wednesday, 2 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कैमूर पहाड़ में सड़क धंसी, अमिलिया-हनुमान मार्ग बंद:सिर्फ 8 फीट रास्ता बचा, पुलिस ने सील की रोड

INT News2 September 2026 at 02:53 pm

सीधी जिले में लगातार बारिश के कारण अमिलिया-हनुमान मार्ग पर स्थित कैमूर पहाड़ में सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे पहाड़ का एक हिस्सा सड़क पर आ गिरा, जिससे इस रास्ते पर आना-जाना पूरी तरह बंद हो गया। पुलिस ने सुरक्षा के लिए मार्ग को सील कर दिया है। बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के चलते कैमूर पहाड़ मार्ग पर पहले से ही करीब चार जगहों पर सड़क खराब थी। बीती रात सड़क का एक और हिस्सा धंसने के बाद अब सिर्फ 8 फीट चौड़ा रास्ता ही बचा था। ऐसे में इस संकरे रास्ते से भारी वाहनों का आना-जाना बहुत खतरनाक हो गया था। सड़क के दोनों ओर पहाड़ी इलाका होने के कारण किसी भी समय बड़े हादसे का खतरा बना हुआ था। लगातार बारिश से पहाड़ की मिट्टी कमजोर हो रही है, जिससे सड़क के खराब हिस्सों का फैलाव लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रास्ते की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ रहा था। खासकर भारी और ओवरलोड वाहनों के निकलने से सड़क के और धंसने का खतरा था। ग्रामीणों के रास्ता बेहद जरूरी ग्रामीण राजाराम ने बताया कि यह रास्ता इलाके के लिए बहुत जरूरी है। अमिलिया से हनुमान होते हुए यह मार्ग हनुमना और मऊगंज के जरिए उत्तर प्रदेश को जोड़ता है। हर दिन करीब दो हजार से ज्यादा लोग इस रास्ते से आते-जाते हैं। मार्ग बंद होने से ग्रामीणों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस ने जानकारी दी कि बारिश के कारण पहाड़ का एक हिस्सा पूरी तरह सड़क पर गिर गया है और रास्ते की हालत बहुत खराब है। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसी को देखते हुए पुलिस ने तुरंत रास्ते को बंद कर सील कर दिया है।