समाचार · मध्य प्रदेश
कटनी में मालगाड़ी से लोहा चुराने का VIDEO:ट्रेन के रुकते ही ऊपर चढ़े दो बदमाश, गाड़ी के चलते ही कूद कर हुए फरार
कटनी शहर में चोरों के हौसले बुलंद दिख रहे हैं। कैलवारा फाटक के पास रेलवे पुलिया पर खड़ी एक मालगाड़ी से दिनदहाड़े लोहा चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने ट्रेन के ऊपर चढ़कर लोहा काटा। इसका वीडियो बुधवार को वायरल हुआ है। इस घटना से रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय पुलिस की गश्त पर सवाल उठ रहे हैं। वायरल वीडियो में दो चोर रेलवे की संपत्ति चुराते दिख रहे हैं। एक चोर मालगाड़ी के वैगन पर चढ़कर औजारों से लोहे के भारी हिस्से काट रहा था। दूसरा चोर नीचे पुलिया के पास खड़े होकर काटे गए लोहे के टुकड़ों को इकट्ठा कर रहा था। दोनों चोर बेखौफ होकर काम कर रहे थे। उन्हें देखकर लग रहा था कि उन्हें कानून या किसी सुरक्षा एजेंसी का जरा भी डर नहीं है। सुरक्षाकर्मी नहीं थे मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही मालगाड़ी चलने का सिग्नल हुआ, चोरों ने तेजी से सारा लोहा समेटा और मौके से भाग गए। मुख्य रास्ते के इतने करीब खुलेआम लोहा काटा जाता रहा, लेकिन वहां कोई सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह चोरी कोई इत्तेफाक नहीं है। यह एक बड़े संगठित अपराध का हिस्सा है, जो लंबे समय से चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वीडियो में दिख रहे युवक सिर्फ दिहाड़ी मजदूर हैं। इस चोरी के पीछे शहर का बड़ा कबाड़ और स्क्रैप माफिया सक्रिय है। यह माफिया गरीब युवकों से रेलवे का लाखों रुपये का लोहा सस्ते में कटवाकर खुले बाजार में बेच रहा है।