Monday, 17 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

डिंडौरी में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट:बिलगांव बांध के दो गेट खुले, आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्टी

INT News17 August 2026 at 11:41 am

डिंडौरी में मौसम विभाग ने भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सोमवार सुबह से रुक-रुक कर मूसलाधार बारिश हो रही है। शहपुरा विकासखंड के बिलगांव बांध के दो गेट सुबह आठ बजे पांच-पांच सेंटीमीटर खोले गए हैं, जिससे 4.89 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने आंगनवाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। जल संसाधन विभाग के अधिकारी अमित उइके ने बताया कि बांध में पानी का स्तर बढ़ने के कारण गेट खोले गए हैं। विभाग ने सिलगी नदी के किनारे बसे गांवों में मुनादी कराई है। इनमें बिलगांव, पिपरिया, अमठेरा, बर गांव, करौंदी, इंदौरी, घुंडीसरई, कारीगढ़हरी, चंद वाही, चाटी, पिंडरई, कुटरई और फुलवाही शामिल हैं। ग्रामीणों को मवेशियों के साथ या अकेले नदी किनारे न जाने की सलाह दी गई है। पिछले 24 घंटों में डिंडौरी में 2 इंच, अमरपुर में डेढ़ इंच, समनापुर और बजाग में आधा-आधा इंच, करंजिया में डेढ़ इंच, शहपुरा में 9.2 मिलीमीटर और मेहदवानी में 5.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। 1 जून से अब तक डिंडौरी में 42 इंच, अमरपुर में 30 इंच, समनापुर में 22 इंच, बजाग में 31 इंच, करंजिया में 30 इंच, शहपुरा में 24 इंच और मेहदवानी में 18 इंच बारिश हुई है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 25 प्रतिशत कम है।