Thursday, 19 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

School Holiday: चक्रवात अकवान के खतरे से 3 दिन स्कूल बंद, ओडिशा के 6 जिलों में छुट्टी

INT News18 November 2026 at 07:25 pm

Cyclone Akvan School Holiday: बंगाल की खाड़ी में उठे भीषण चक्रवाती तूफान अकवान के खतरे को देखते हुए ओडिशा के कई जिलों में 3 दिन स्कूल बंद रहेंगे. राज्य के छह जिलों में 19 से 21 नवंबर तक सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है. इन जिलों में आंगनबाड़ी केंद्र भी तीन दिन बंद रहेंगे. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार चक्रवात 20 नवंबर को दोपहर के आसपास उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिण ओडिशा के तटों से टकरा सकता है. इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों में 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है.

ओडिशा के किन 6 जिलों में बंद रहेंगे स्कूल?

ओडिशा सरकार ने विद्यार्थियों और छोटे बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गंजाम, गजपति, पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा और कंधमाल में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्देश दिया है. यह निर्देश सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों पर लागू होगा.

क्या 21 नवंबर के बाद भी बढ़ सकती है छुट्टी?

राज्य सरकार ने संबंधित जिलों के कलेक्टरों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया है. अगर चक्रवात का असर अधिक समय तक रहता है या मौसम का मूड बिगड़ा रहता है तो प्रशासन 21 नवंबर के बाद भी स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने का फैसला कर सकता है. अन्य जिलों के कलेक्टरों को भी स्थानीय मौसम और सुरक्षा की स्थिति का आकलन करके आवश्यक निर्णय लेने के लिए कहा गया है.

20 नवंबर को कहां टकरा सकता है चक्रवात अकवान?

मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान अकवान के 20 नवंबर को दोपहर तक आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तटीय क्षेत्र से टकराने की संभावना है. IMD ने उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों के लिए चक्रवात की चेतावनी जारी की है. पूर्वानुमान के मुताबिक, तट पार करते समय तूफान भीषण चक्रवाती तूफान की श्रेणी में रह सकता है. इस दौरान लगातार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि तेज झोंके 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.

अभी कहां पहुंचा है चक्रवात?

IMD भुवनेश्वर की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बुधवार को चक्रवात की स्थिति और संभावित रास्ते की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 18 नवंबर को सुबह साढ़े 8 बजे के आंकड़ों के अनुसार, अकवान दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्से और उससे सटे पश्चिम-मध्य क्षेत्र में मौजूद था.पिछले छह घंटों के दौरान तूफान लगभग 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा.

Also Read: अगले 72 घंटे में भारी बारिश, 120 KM की रफ्तार से आएगा चक्रवात अकवान, कई राज्यों में अलर्ट