Friday, 23 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मोबाइल शॉप के गल्ले से 30 हजार नकदी चोरी, CCTV:कवर-ईयरफोन मांगने के बहाने आया था चोर; दुकानदार की मां को चकमा देकर फरार

INT News23 October 2026 at 12:52 pm

शाजापुर शहर के बजाजखाना क्षेत्र में एक मोबाइल शॉप से करीब 30 हजार रुपए चोरी होने का मामला सामने आया है। मोबाइल कवर और ईयरफोन मांगने के बहाने दुकान पर पहुंचे युवक ने दुकानदार की मां को चकमा दिया और गल्ले से नकदी निकालकर फरार हो गया। घटना गुरुवार शाम करीब 4:40 बजे की है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में वारदात कैद होने की बात सामने आई है। दुकानदार ने आज शुक्रवार को शिकायत दर्ज कारई। संचालक की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सामान निकालने में व्यस्त थीं दुकानदार की मां दुकान संचालक अंकुश जैन ने बताया कि घटना के समय वे दुकान पर मौजूद नहीं थे। उनकी मां दुकान संभाल रही थीं। इसी दौरान करीब 20 से 25 साल का एक युवक आया और मोबाइल कवर व ईयरफोन मांगे। उनकी मां सामान निकालने लगीं, तभी युवक ने मौका देखकर गल्ले में हाथ डाला और करीब 30 हजार रुपए निकाल लिए। इसके बाद वह दुकान से भाग गया। गल्ले में नकदी नहीं मिली तो पता चली चोरी अंकुश जैन ने बताया कि कुछ देर बाद जब वे दुकान पर पहुंचे और गल्ले में रखे रुपए चेक किए तो नकदी गायब मिली। मां से पूछने पर उन्हें युवक के दुकान पर आने और रुपए निकालकर ले जाने की जानकारी मिली। इसके बाद वे परिजनों के साथ कोतवाली थाने पहुंचे और अज्ञात युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश घटना के बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज सामने आए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर युवक की पहचान करने और उसे पकड़ने का प्रयास कर रही है। व्यस्त बाजार में हुई इस घटना से व्यापारियों में चिंता है। कोतवाली थाना प्रभारी नवीन बिल्वालिया ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।