Friday, 7 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

खुद की जान गंवाकर तोते ने परिवार को बचाया:आधी रात को जोर-जोर से चिल्लाने पर लोग जागे, तब पता चला, सर्पमित्र ने किया रेस्क्यू

INT News7 August 2026 at 12:36 pm

सिवनी जिले के छपारा विकासखंड के ग्राम देवरी कला में एक पालतू तोते की सक्रियता से परिवार की जान बच गई। गुरुवार आधी रात घर में इंडियन कोबरा (नाग) घुस आया था। तोते ने सांप की मौजूदगी का आभास होते ही जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर परिवार के लोगों की नींद टूटी। जब उन्होंने देखा, तो घर के भीतर रखे पिंजरे में कोबरा बैठा था। हालांकि, तब तक सांप के डसने से तोते की मौत हो चुकी थी। घटना छपारा नगर से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित ग्राम देवरी कला में देवी मंदिर के सामने रहने वाले सुभाष पंचेश्वर के घर में हुई। सूचना मिलते ही सर्प मित्र शिवम मुड़िया मौके पर पहुंचे। उन्होंने रेस्क्यू कर कोबरा को पकड़ा। उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इंडियन कोबरा भारत के सबसे विषैले सांपों में से एक माना जाता है। इसका विष तंत्रिका तंत्र पर असर करता है। समय पर उपचार न मिलने पर जानलेवा हो सकता है। बारिश में बिलों में पानी भर जाने के कारण सांप अक्सर सुरक्षित स्थान की तलाश में घरों और आंगनों तक पहुंच जाते हैं। ऐसे में घर के आसपास साफ-सफाई रखना, रात में दरवाजे और खिड़कियां बंद रखना तथा सांप दिखाई देने पर प्रशिक्षित सर्प मित्र या वन विभाग को सूचना देना सुरक्षित उपाय है।