समाचार · हरियाणा
पलवल से दो नाबालिग लड़के लापता:50 हजार रुपए भी ले गए, मस्जिद जाने की बात कहकर घर से निकले, एक ही परिवार के
पलवल के कोट गांव से दो नाबालिग बच्चे घर से 50 हजार रुपए लेकर लापता हो गए हैं। दोनों बच्चे 4 अगस्त को सुबह मस्जिद जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों की शिकायत पर बहीन थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। बहीन थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार के अनुसार, कोट गांव निवासी शौकीन ने अपनी शिकायत में बताया कि उनका 13 वर्षीय बेटा आयान और चाचा का 14 वर्षीय बेटा अल्फेज बिना बताए घर से चले गए। शौकीन ने बताया कि दोनों बच्चे सुबह करीब आठ बजे घर से मस्जिद जाने के लिए निकले थे। वे गांव के बस स्टैंड पहुंचे और वहां से होडल की बस में बैठकर निकल गए। तीन दिन बाद भी नहीं लगा कोई सुराग, गुमशुदगी दर्ज तीन दिन बीत जाने के बाद भी दोनों नाबालिग बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। परिजनों ने घर में देखा तो पता चला कि बच्चे घर पर रखे 50 हजार रुपए भी अपने साथ ले गए हैं। बच्चों के लापता होने के बाद से परिवार के लोगों का बुरा हाल है और उन्होंने रिश्तेदारों व अन्य स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली। शौकीन की लिखित शिकायत के आधार पर बहीन थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि उनकी टीम बच्चों की तलाश में जुटी हुई है। इस संबंध में पलवल जिले के साथ-साथ पड़ोसी जिलों और राज्यों के संबंधित थानों को भी बच्चों के फोटो भेजकर लापता होने की सूचना दी गई है, ताकि उन्हें ढूंढकर परिजनों को सौंपा जा सके। हालांकि, पुलिस को अभी तक बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला है।