समाचार · हरियाणा
गुरुग्राम में ग्रामीणों ने पटौदी-कुलाना रोड पर लगाया जाम:सागर हत्याकांड, परिजनों का शव लेने से इनकार; दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग
गुरुग्राम जिले के फर्रुखनगर थाना क्षेत्र के गांव कारोला में युवक सागर की हत्या के मामले में शुक्रवार को परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पटौदी-कुलाना रोड पर खंडेवला मोड़ के पास जाम लगा दिया और मृतक का शव लेने से इनकार कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन और स्थानीय विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। अधिकारियों ने कार्रवाई का दिया आश्वासन सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इनमें एसीपी सदर धर्मवीर, एसीपी मानेसर वीरेंद्र, एसीपी पटौदी मनोज, फरुखनगर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सहित भारी पुलिस बल शामिल था। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। आपसी रंजिश के चलते हिंसक वारदात यह घटना गुरुवार को हुई थी, जब गांव कारोला निवासी सागर पुत्र मुनीलाल की आपसी रंजिश के चलते हिंसक वारदात में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि 20 से 25 लोग कई वाहनों में सवार होकर गांव पहुंचे और सागर पर जानलेवा हमला किया। उन्होंने दावा किया कि हमलावरों ने लाठी-डंडों, चाकू और गोली का भी इस्तेमाल किया। हालांकि, पुलिस ने अभी तक गोली चलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है। सागर का शव फिलहाल गुरुग्राम के शवगृह में रखा गया है और पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था और परिजन अपनी मांग पर अड़े हुए थे कि सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।