समाचार · हरियाणा
भिवानी में पिकअप की टक्कर से नंदी की मौत:दिल्ली-पिलानी हाईवे पर हादसा; पकड़ने के लिए टेंडर लगाएगी नगरपालिका
हरियाणा के भिवानी जिले के लोहारू शहर में दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर गुरुवार को एक सड़क हादसे में नंदी की मौत हो गई। वन विभाग कार्यालय के सामने एक पिकअप वाहन की चपेट में आने से यह घटना हुई। घटना की सूचना मिलते ही गोरक्षक दल के सदस्य सतवीर ने डायल-112 पर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से नंदी का अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शहर में बेसहारा गोवंश की बढ़ती समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि लोहारू शहर के मुख्य मार्गों, बाजारों और हाईवे पर बड़ी संख्या में बेसहारा गोवंश घूमते रहते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। बेसहारा गोवंश के कारण हो रहे हादसे स्थानीय नागरिकों ने बताया कि पूर्व में भी बेसहारा गोवंश के कारण कई सड़क हादसे हुए हैं, जिनमें कुछ लोगों की जान भी जा चुकी है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए, उन्हें गौशालाओं में रखा जाए और शहर तथा हाईवे पर उनकी आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाए। नगरपालिका टेंडर करेगी जारी इस संबंध में नगरपालिका प्रधान प्रदीप बंटी तायल ने कहा कि नगरपालिका बेसहारा गोवंश की समस्या के स्थायी समाधान के लिए टेंडर जारी करेगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद बेसहारा गोवंश को पकड़कर सुरक्षित स्थानों और गौशालाओं में पहुंचाया जाएगा। जिससे शहर की सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी आवाजाही नियंत्रित हो सके तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।