समाचार · हरियाणा
हरिद्वार में रोडवेज बस ने कांवड़ियों को रौंदा:हरियाणा के एक श्रद्धालु की मौत, जल लेने हरकी पैड़ी जा रहे थे 3 दोस्त
हरिद्वार में उत्तराखंड रोडवेज की बस ने कांवड़ लेने आ रहे हरियाणा के बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे एक कांवड़िए की मौत हो गई। उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। वहीं, बस ड्राइवर मौके से बस लेकर फरार हो गया। यह हादसा शुक्रवार सुबह श्यामपुर थाना क्षेत्र के हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे स्थित कांगड़ी फ्लाईओवर के पास हुआ। तस्वीरें देखिए- 3 पॉइंट में खबर… 1. हरियाणा के फरीदाबाद से आए थे जल लेने- घटना श्यामपुर थाना क्षेत्र के कांगड़ी फ्लाईओवर की है। फरीदाबाद (हरियाणा) नंबर की बाइक पर सवार होकर तीनों दोस्त हरकी पैड़ी की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार उत्तराखंड परिवहन निगम की बस ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद तीनों कांवड़िये छिटककर सड़क पर जा गिरे, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। 2. मौके से बस लेकर भागा ड्राइवर, पुलिस खंगाल रही CCTV- हादसे के तुरंत बाद बस चालक गाड़ी को रोक मदद करने के बजाय बस सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस अब कांगड़ी फ्लाईओवर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज के जरिए फरार बस और ड्राइवर की तलाश में जुटी है। 3. डाक कांवड़ के कारण हाईवे पर बढ़ा ट्रैफिक दबाव- कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में हरियाणा, दिल्ली और यूपी से लाखों श्रद्धालु वाहनों (बाइक, कार) के जरिए हरिद्वार पहुंच रहे हैं। तेज रफ्तार और हाईवे पर अचानक बढ़े वाहनों के दबाव के चलते दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं…