समाचार · छत्तीसगढ़
बिलासपुर में नहीं थम रहा किन्नरों का विवाद:मारपीट से परेशान किन्नर पहुंची एसपी ऑफिस, कहा- गुटबाजी और मर्डर के बाद दहशत में हैं
बिलासपुर में किन्नरों के दो गुटों के विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मारपीट और विवाद के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। अब सोमवार को रजिया गुट के किन्नर शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे और पूजा किन्नर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि गुटबाजी और मर्डर के बाद उनके समुदाय में दहशत का माहौल है। रजिया किन्नर गुट के सदस्यों ने आरोप लगाया कि पूजा किन्नर और उसके साथियों की ओर से उनके साथ मारपीट और डराने-धमकाने की घटनाएं की जा रही हैं। उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिससे वे अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। गुटबाजी और मर्डर के बाद दहशत का माहौल एसपी ऑफिस पहुंचे किन्नरों ने कहा कि दोनों गुटों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। पहले भी विवाद के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामले दर्ज किए थे। इसके बावजूद विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। किन्नर रजिया ने बताया कि उनकी शिकायत के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पिछले महीने सकरी क्षेत्र में एक किन्नर की हत्या कर दी गई थी। इस गुटबाजी और मर्डर के बाद किन्नर समुदाय के सदस्यों में दहशत का माहौल है।