समाचार · मध्य प्रदेश
मंदसौर में बाइक चोरी का खुलासा:19 साल का आरोपी गिरफ्तार, 2.40 लाख की कीमत वाली 6 बाइक बरामद
मंदसौर की सिटी कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को बाइक चोरी के मामले में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 6 चोरी की बाइक भी बरामद की हैं। इनकी कुल कीमत 2 लाख 40 हजार रुपए बताई गई है। दलौदा निवासी विकास सूर्यवंशी ने 4 अगस्त को कोतवाली थाने में शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि उनकी हीरो स्प्लेंडर प्रो बाइक 2 अगस्त को सिद्धि विनायक अस्पताल की पार्किंग से चोरी हो गई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। इसके बाद आरोपी की पहचान अर्जुन (19), निवासी जवासिया, थाना भावगढ़, मंदसौर के रूप में हुई। एक बाइक की जांच से 6 बाइक मिलीं पुलिस ने अर्जुन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अस्पताल से चोरी की बाइक के अलावा 5 और बाइक चोरी करने की बात बताई। पुलिस ने सभी बाइक बरामद कीं। इनमें स्प्लेंडर प्रो, पैशन प्लस, टीवीएस स्टार सिटी प्लस, होंडा एक्टिवा और दो हीरो एचएफ डीलक्स शामिल हैं। बाइकों की कीमत करीब 2.40 लाख रुपए है। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि आरोपी से अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।