समाचार · मध्य प्रदेश
मंदसौर में कार से 100 किलो डोडाचूरा जब्त:बिना नंबर की स्विफ्ट बरामद; आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच जारी
मंदसौर की नारायणगढ़ पुलिस ने मंगलवार को वाहन चेकिंग के दौरान कार से 100 किलो डोडाचूरा पकड़ा है। पुलिस ने मामले में 24 वर्षीय अजय सिंह को गिरफ्तार किया है। डोडाचूरा की कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस मंगलवार देर शाम झारड़ा-भंवरासा रोड पर बोरखेड़ी फंटा के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की सिल्वर रंग की मारुति स्विफ्ट को रोका गया। तलाशी में कार के अंदर 5 प्लास्टिक के कट्टे मिले। इनमें कुल 100 किलो डोडाचूरा था। पुलिस ने डोडाचूरा और कार को जब्त कर लिया। NDPS की धाराओं में केस दर्ज पुलिस के अनुसार, आरोपी अजय सिंह (24), नीमच जिले के बेलारी गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल भी जब्त किया है। कार की कीमत करीब 5.50 लाख रुपए और मोबाइल की कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई है। पुलिसने आरोपी पर NDPS की धाराओं में केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी राजेंद्र पवार ने बताया कि आरोपी से डोडाचूरा कहां से लाया गया और किसे देना था, इस बारे में पूछताछ की जा रही है। आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।