sports
पाकिस्तान को लगा बड़ा झटका, इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर हुए बाबर आजम; सलमान आगा संभालेंगे कमान

Babar Azam Ruled Out : पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले करारा झटका लगा है. टीम के कप्तान बाबर आजम चोट के कारण बुधवार से हेडिंग्ले में शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं. उनकी गैरमौजूदगी में सलमान अली आगा पाकिस्तान की कप्तानी करेंगे.
सलमान अली आगा करेंगे टीम की कप्तानी
बाबर आजम को हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच के दौरान दाएं हाथ की बीच वाली उंगली में चोट लगी थी. इसके बाद इंग्लैंड में खेले गए अभ्यास मैच के दौरान भी उसी उंगली पर चोट लग गई. इस वजह से वह पहले टेस्ट के लिए पूरी तरह फिट नहीं हो सके. पाकिस्तान के कोच सरफराज अहमद ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया, “बाबर आजम पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं हैं. सलमान पहले टेस्ट में कप्तानी करेंगे.”
दूसरे टेस्ट में वापसी की उम्मीद
पाकिस्तान के कोच ने बताया कि बाबर की उंगली में फ्रैक्चर नहीं है. हालांकि, उसमें अभी सूजन और दर्द है. टीम को उम्मीद है कि वह जल्द ठीक हो जाएंगे और 27 अगस्त से लॉर्ड्स में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध रहेंगे. बाबर ने सोमवार को हेडिंग्ले में नेट्स पर थोड़ी देर बल्लेबाजी भी की थी. लेकिन वह पहले टेस्ट में खेलने और कप्तानी करने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं.
ये भी पढ़ें: हॉकी वर्ल्ड कप: भारत-पाकिस्तान मुकाबले का दिखा जबरदस्त क्रेज, सारे टिकट हुए SOLD OUT
पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका
बाबर का पहले टेस्ट से बाहर होना पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका है. टीम 30 साल बाद इंग्लैंड की धरती पर टेस्ट सीरीज जीतने की कोशिश कर रही है. बाबर पाकिस्तान के सबसे अनुभवी बल्लेबाजों में शामिल हैं और उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 9 शतक हैं. उनका टेस्ट में बल्लेबाजी औसत 43.68 का है.
बाबर की जगह सऊद शकील को मिल सकता है मौका
बाबर की जगह सऊद शकील को प्लेइंग इलेवन में शामिल किए जाने की संभावना है. वह वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली दो टेस्ट मैचों की सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं थे. वह सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही थी.
पाकिस्तान ने 2024 में बाबर की गैरमौजूदगी में इंग्लैंड के खिलाफ अपने दोनों टेस्ट जीते थे. हालांकि, हेडिंग्ले की परिस्थितियां पाकिस्तान के लिए अलग चुनौती पेश कर सकती हैं, क्योंकि पिछली सीरीज के दौरान मुल्तान और रावलपिंडी की पिचें स्पिन गेंदबाजों के लिए काफी मददगार थीं.
ये भी पढ़ें: कब-कहां और कैसे देख सकते हैं भारत-पाकिस्तान मुकाबले का लाइव?