Thursday, 29 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · उत्तर प्रदेश

31 अक्टूबर से दिल्ली-वाराणसी के बीच दौड़ेगी दूसरी वंदे भारत स्लीपर, 'कवच' सिस्टम और CCTV से है लैस

INT News28 October 2026 at 07:10 pm

Vande Bharat Sleeper : भारतीय रेलवे वाराणसी और नई दिल्ली के बीच दूसरी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस शुरू करने जा रहा है. इस ट्रेन का उद्घाटन 31 अक्टूबर को प्रस्तावित है. ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संयुक्त रूप से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. रेलवे बोर्ड ने इस नई ट्रेन के संचालन को मंजूरी दे दी है.

प्रयागराज, कानपुर समेत इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

रेलवे बोर्ड की 27 अक्टूबर को जारी अधिसूचना के अनुसार, ट्रेन का संचालन 27421 और 27422 नंबर से किया जाएगा. नई दिल्ली और वाराणसी के बीच चलने वाली यह ट्रेन प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद में भी रुकेगी. इससे राजधानी और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों के बीच रात में यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है.

16 कोच वाली होगी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को लंबी दूरी की रातभर की यात्राओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. यह मेक इन इंडिया पहल के तहत विकसित 16 कोच वाली वातानुकूलित ट्रेन है. रेलवे के मुताबिक, इसकी परीक्षण गति 180 किलोमीटर प्रति घंटा और परिचालन गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा है.

ट्रेन में होंगी 823 बर्थ, तीन श्रेणियों में सफर

इस ट्रेन में कुल 823 बर्थ होंगी. इनमें फर्स्ट एसी में 24, सेकंड एसी में 188 और थर्ड एसी में 611 बर्थ शामिल हैं. यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में 52 वैक्यूम टॉयलेट, सीलबंद गैंगवे और मिनी-पेंट्री की व्यवस्था की गई है, ताकि रातभर की यात्रा अधिक सुविधाजनक हो सके.

सुरक्षा के लिए कवच और CCTV की व्यवस्था

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में स्वदेशी ‘कवच’ ट्रेन सुरक्षा प्रणाली, CCTV निगरानी और आग बुझाने की व्यवस्था दी गई है. ANI के मुताबिक, ट्रेन में EN 15227 क्रैशवर्थनेस और EN 45545 HL3 अग्नि-सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुविधाएं भी शामिल हैं. इसके अलावा, ऊर्जा दक्षता बढ़ाने के लिए रीजनरेटिव ब्रेकिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है.

रात की यात्रा के लिए मिलेगा नया विकल्प

नई दिल्ली-वाराणसी रूट पर वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस की शुरुआत से यात्रियों को लंबी दूरी की रात की यात्रा के लिए नया विकल्प मिलने की उम्मीद है. आधुनिक सुविधाओं, अलग-अलग एसी श्रेणियों और प्रमुख शहरों में ठहराव के साथ यह ट्रेन राजधानी और वाराणसी के बीच रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में एक कदम होगी.

ये भी पढ़ें: Cyclone Arnab LIVE: लैंडफॉल के बाद अर्नब का कहर, आंध्र प्रदेश में 3 की मौत, ओडिशा में उफनती लहरों का दौर जारी