Saturday, 29 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

चित्रकूट में पुरानी चाबियों से बोलेरो चुराने वाला गिरोह पकड़ा:अमावस्या-परिक्रमा में पार्किंग से चोरी करते थे, 6 आरोपी गिरफ्तार; मुख्य आरोपी अब भी फरार

INT News29 August 2026 at 09:09 am

चित्रकूट पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के एक और सदस्य को शुक्रवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया। आरोपी धनराज सिंह पटेल (49) उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के बरगढ़ थाना क्षेत्र के ओबरी का निवासी है। यह गिरोह अमावस्या और मंदिरों में दर्शन-परिक्रमा के दौरान पार्किंग से वाहनों को निशाना बनाता था। पूछताछ में धनराज सिंह पटेल ने बताया कि वे पुरानी चाबियों का इस्तेमाल कर वाहनों का लॉक खोलते थे। पुलिस को आरोपी से दो बोलेरो चोरी की वारदातों की जानकारी मिली है। इस मामले में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों ओमजी उर्फ ओमप्रकाश अवस्थी, आदित्य सिंह उर्फ चंदन, रवि पाल, आलोक सिंह और सतीश उर्फ बबलू को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हालांकि, गिरोह का मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। पहली घटना 14 अगस्त को हमीरपुर निवासी मानिकचंद्र राजपूत द्वारा दर्ज कराई गई थी। उन्होंने बताया कि 12 अगस्त को वे परिवार के साथ बोलेरो (यूपी 91 एफ 6135) से कामतानाथ दर्शन और परिक्रमा के लिए चित्रकूट आए थे। होटल के सामने वाहन पार्क कर दर्शन के लिए गए थे, लेकिन वापस लौटने पर बोलेरो गायब मिली। 16 मई को भी ऐसी वारदात हुई थी

दूसरी घटना 16 मई की है। फतेहपुर निवासी अखिलेश कुमार अपने साथी रामगोपाल निषाद के साथ बोलेरो से कामतानाथ दर्शन के लिए आए थे। उन्होंने वाहन कामतानाथ द्वितीय मुखारबिंद पार्किंग में खड़ा किया था। दर्शन के बाद लौटने पर उनकी बोलेरो भी गायब मिली। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज किया था। थाना प्रभारी नीलेश तिवारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने पहले भी वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस गिरोह के मुख्य आरोपी की तलाश कर रही है और अन्य वारदातों के संबंध में भी जांच जारी है।