समाचार · मध्य प्रदेश
शिवपुरी में नाती को बचाने सियार से भिड़ा ग्रामीण:बेटे ने लाठी मारकर सियार को मार डाला; घायल का अस्पताल में इलाज जारी
शिवपुरी के कोलारस वन क्षेत्र के तेंदुआ थाना इलाके के रामराई गांव में सोमवार रात सियार ने 54 साल के ग्रामीण पर हमला कर दिया। सियार ने नकटू राम धाकड़ के हाथ और पैर में काट लिया। इसके बाद वह उनके नाती पर भी झपटा। नाती को बचाने के लिए नकटू राम ने सियार को पैर से दबा लिया। इसी दौरान पहुंचे बेटे संतोष धाकड़ ने लाठी से सियार पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। नाती के साथ टहल रहे थे ग्रामीण परिजनों के मुताबिक, नकटू राम सोमवार रात करीब 8 बजे खाना खाने के बाद अपने नाती के साथ घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान अचानक सियार ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ और पैर में चोट आई। सियार ने इसके बाद नकटू राम के नाती की ओर भी झपटने की कोशिश की। नाती को बचाने के लिए नकटू राम ने सियार को अपने पैर से दबा लिया और शोर मचाया। बेटे ने लाठी से किया हमला शोर सुनकर नकटू राम के बेटे संतोष धाकड़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लाठी से सियार पर हमला किया। लाठी लगने से सियार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में घायल नकटू राम को परिजन इलाज के लिए कोलारस स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार किया गया।