समाचार · हरियाणा
सिरसा जिले में बनाए 4 ओपन स्कूल स्टडी सेंटर:गोरीवाला का स्कूल भी शामिल, 30 सितंबर तक करने होंगे आवेदन
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी ने इस साल 10वीं और 12वीं के प्राइवेट विद्यार्थियों की सुविधा के लिए ओपन स्कूल के स्टडी सेंटर बनाए हैं। सिरसा जिले में ऐसे सिर्फ 4 स्टडी सेंटर बनाए गए हैं, जिनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोरीवाला को भी शामिल किया गया है। इस विद्यालय को स्टडी सेंटर कोड 717003 दिया गया है। स्टडी सेंटर प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि 10वीं और 12वीं के प्राइवेट विद्यार्थी 30 सितंबर 2026 तक बिना लेट फीस के हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय विद्यार्थियों को सेंटर कोड 717003 चुनना होगा और आवेदन फॉर्म स्टडी सेंटर पर जमा करवाना होगा। 'तय तारीख से पहले अपना आवेदन पूरा करें छात्र' उन्होंने यह भी बताया कि ओपन स्कूल के जरिए परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को स्टडी सेंटर पर जरूरी गाइडेंस और हरसंभव मदद दी जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे तय तारीख से पहले अपना आवेदन पूरा कर लें। स्टडी सेंटर प्रभारी ने यह जानकारी भी दी कि इस साल हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा ली जाने वाली ओपन स्कूल की परीक्षा में 50 नंबर के ऑब्जेक्टिव और 50 नंबर के सब्जेक्टिव सवाल पूछे जाएंगे। उन्होंने ओपन स्कूल से परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों से इस स्टडी सेंटर का फायदा उठाने के लिए कहा है।