national
VIDEO: झटका मीट की पैरवी, KFC का उद्घाटन! गिरिराज सिंह पर यूजर्स ने लिए मजे

बिहार के बेगूसराय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. इसमें वह एक KFC आउटलेट का उद्घाटन करते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद कुछ यूजर्स उनके पुराने झटका मीट वाले बयानों का जिक्र कर उन्हें ट्रोल कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर KFC आउटलेट के उद्घाटन और उनके पुराने बयानों को जोड़कर सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावे भी किए जा रहे हैं.
KFC आउटलेट के उद्घाटन में पहुंचे गिरिराज सिंह
दरअसल, बेगूसराय के हर-हर महादेव चौक के पास 17 सितंबर को KFC की नई ब्रांच खोले जाने की जानकारी सामने आई है. इसके उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह भी पहुंचे. कार्यक्रम के वीडियो में वह आउटलेट का उद्घाटन करते दिखाई दे रहे हैं.
कार्यक्रम के दौरान गिरिराज सिंह ने बेगूसराय में नए प्रतिष्ठान और शोरूम खुलने को शहर के विकास से जोड़कर बात की. उन्होंने कहा कि शहर में लगातार नए कारोबारी प्रतिष्ठान खुल रहे हैं और यह विकास की ओर बढ़ने का संकेत है.
कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद अब इस पर अलग तरह की चर्चा शुरू हो गई है.
पुराने झटका मीट वाले बयान की दिलाई जा रही याद
वीडियो को लेकर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स गिरिराज सिंह के पुराने बयानों का जिक्र कर रहे हैं. दरअसल, गिरिराज सिंह पहले बेगूसराय में झटका मीट को लेकर सार्वजनिक तौर पर अपनी राय रख चुके हैं.
दिसंबर 2023 में उन्होंने बेगूसराय में लोगों से हलाल की जगह झटका मीट खाने की अपील की थी. उस दौरान उन्होंने झटका मीट को सनातन परंपरा से जोड़ते हुए अपनी बात रखी थी.
इसके बाद फरवरी 2024 में गिरिराज सिंह बेगूसराय में गिरिराज अमर झटका मीट नाम की दुकान के उद्घाटन के मौके पर भी पहुंचे थे. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया था कि उन्होंने लोगों को झटका मीट की दुकान खोलने के लिए प्रोत्साहित किया है और आगे भी ऐसी दुकानों के विस्तार की बात कही थी.
अक्टूबर 2025 में भी गिरिराज सिंह ने बेगूसराय में झटका मीट को लेकर बयान दिया था. उन्होंने इसे सनातन परंपरा से जोड़ते हुए कहा था कि वह खुद हलाल मीट नहीं खाते.
ये भी पढ़ें: Video : रात के अंधेरे में आसमान में दिखी जादुई रोशनी, वायरल वीडियो देख क्यों डर रहे लोग!
KFC आउटलेट को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा
अब KFC आउटलेट के उद्घाटन का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स उनके पुराने बयानों को याद कर रहे हैं. कई लोग दोनों घटनाओं को साथ रखकर सवाल और टिप्पणियां कर रहे हैं.वहीं, सोशल मीडिया पर ऐसी प्रतिक्रियाएं भी हैं जो इसे सिर्फ एक कारोबारी प्रतिष्ठान के उद्घाटन के तौर पर देख रही हैं.