समाचार · मध्य प्रदेश
मंदसौर में एक मिनट में बाइक चोरी:CCTV में कैद हुए 3 बदमाश; चाबी से लॉक खोला, बाइक स्टार्ट कर भागे
मंदसौर जिले के पिपलियामंडी में मंगलवार अलसुबह मनासा रोड स्थित माधव बीज भंडार के पास एक साड़ी की दुकान के बाहर खड़ी बाइक को तीन बदमाशों ने चुरा लिया। यह पूरी घटना दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। बदमाशों ने महज एक मिनट में बाइक का लॉक तोड़ा और उसे लेकर वहां से भाग गए। जानकारी के अनुसार, सरवानिया निवासी पवन पिता गोपाल जी पोरवाल की MP 14 NE 5115 नंबर की काले रंग की बाइक मंगलवार सुबह करीब 4:42 बजे साड़ी की दुकान के बाहर खड़ी थी। तभी तीन बदमाश एक ही बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे। CCTV फुटेज में दिख रहा है कि तीनों में से दो बदमाश बाइक से नीचे उतरकर खड़ी बाइक के पास पहुंचते हैं। एक बदमाश चाबी से बाइक का लॉक खोलने की कोशिश करता है और कुछ ही सेकंड में लॉक खोल लेता है। तस्वीरों में देखिए घटनाक्रम… दूसरा बदमाश ने बाइक को स्टार्ट किया
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि इसके बाद दूसरा बदमाश बाइक पर बैठकर उसे स्टार्ट करता है। दोनों बदमाश वहां से निकल जाते हैं। तीसरा बदमाश अपनी मोटरसाइकिल लेकर उनके पीछे चला जाता है। यह पूरी चोरी करीब एक मिनट में की गई। सुबह के समय हुई इस घटना में बदमाशों ने इतनी सफाई से चोरी की कि आसपास के लोगों को भी इसकी खबर नहीं लगी। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद पिपलियामंडी में चोरी की घटनाओं पर फिर सवाल उठ रहे हैं। बदमाशों को ढूंढने में जुटी पुलिस
पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस समय-समय पर चोरों को पकड़ती रही है, लेकिन लगातार हो रही वारदातों से लोगों में चिंता बनी हुई है।