Friday, 14 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

बलिया में भाजपा के पूर्व विधायक की गाड़ी का कहर: बाइक सवार दो लोगों को मारी टक्कर, एक की मौत दूसरा गंभीर

INT News14 August 2026 at 10:37 am

UP News: जिले के गड़वार थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम चिलकहर पेट्रोल पंप के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. स्कॉर्पियो और बाइक की जोरदार टक्कर में बाइक सवार मोहम्मद अरशद अहमद की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद होमगार्ड जवान ओमप्रकाश गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो में बैरिया के पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह समेत अन्य लोग सवार थे.

श्रद्धांजलि सभा से लौट रहे थे पूर्व विधायक

बताया गया कि पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह रसड़ा के दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के बाद स्कॉर्पियो से लौट रहे थे. इसी दौरान चिलकहर पेट्रोल पंप के पास स्कॉर्पियो की बाइक से टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

अस्पताल पहुंचते ही एक की मौत

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को चिलकहर स्थित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. चिकित्सकों ने अरशद अहमद को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश गुप्ता को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया. परिजन उन्हें इलाज के लिए मऊ लेकर गए.

पुलिस ने स्कॉर्पियो कब्जे में ली

सूचना मिलते ही गड़वार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर थाने ले गई. पुलिस के अनुसार वाहन लखनऊ का है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है. परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

परिवार में मचा कोहराम

हादसे में जान गंवाने वाले अरशद अहमद संवरा क्षेत्र में गैस चूल्हे और कुकर से जुड़ा काम करते थे. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

हादसे के बाद उठे सवाल

हादसे में पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह सुरक्षित बताए जा रहे हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और टक्कर के समय वाहन कौन चला रहा था. मामले में पुलिस की जांच और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

यह भी पढ़ें: जौहर यूनिवर्सिटी पर फिलहाल नहीं चलेगा बुलडोजर! ध्वस्तीकरण पर रोक बरकरार, 25 अगस्त को अगली सुनवाई