Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

विदिशा में जल्द शुरू होगा मदर मिल्क बैंक:नवजातों को मिलेगा लाभ; जरूरतमंद शिशुओं को मिलेगा मां का दूध

INT News1 August 2026 at 03:47 pm

विदिशा के जिला अस्पताल में विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गर्भवती महिलाओं और नई माताओं को स्तनपान के सही तरीके, उसके फायदे और नवजात के लिए मां के दूध के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जिले में जल्द ही मदर मिल्क बैंक शुरू किया जाएगा। यह मदर मिल्क बैंक उन नवजात शिशुओं को मां का दूध उपलब्ध कराएगा जिनकी माताएं किसी कारणवश स्तनपान नहीं करा पा रही हैं। जिन माताओं में जरूरत से अधिक दूध बनता है, वे स्वेच्छा से अपना दूध दान कर सकेंगी। इस दूध को सुरक्षित तरीके से संग्रहित कर जरूरतमंद नवजातों, विशेषकर समय से पहले जन्मे या बीमार बच्चों को दिया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने बताया कि यह अभियान नवजात मृत्यु दर, शिशु मृत्यु दर और बाल मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। इसके तहत अगले सात दिनों तक जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बताया- मां का दूध अत्यंत महत्वपूर्ण

कार्यक्रम में बताया गया कि जन्म के तत्काल बाद मां का दूध पिलाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। मां का पहला गाढ़ा पीला दूध (कोलोस्ट्रम) नवजात के लिए सुरक्षा कवच का काम करता है। इससे बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और वह कई संक्रमणों व बीमारियों से सुरक्षित रहता है। डॉक्टरों ने माताओं से अपील की कि जन्म के बाद पहले छह महीने तक बच्चे को केवल मां का दूध ही पिलाएं। सीएमएचओ ने जोर दिया कि स्तनपान को बढ़ावा देकर नवजातों के बेहतर स्वास्थ्य के साथ-साथ मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में भी कमी लाई जा सकती है।