Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

कोंडागांव में कांग्रेस ने बढ़ती बिजली दरों पर विरोध किया:स्मार्ट मीटर और महंगी बिजली पर सरकार को घेरा, बिल हाफ योजना की मांग

INT News1 August 2026 at 03:52 pm

प्रदेश में बढ़ी बिजली दरों और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी कोंडागांव ने शनिवार को कांग्रेस भवन में एक प्रेस वार्ता आयोजित की। कांग्रेस ने राज्य सरकार पर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि घोष ने कहा कि महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर की व्यवस्था से गरीब, किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और मध्यमवर्गीय परिवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। रवि घोष ने कहा कि लगातार बढ़ाई जा रही बिजली दरों से उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ी हैं। उन्होंने मांग की कि बिजली दरों में की गई वृद्धि तत्काल वापस ली जाए। इसके साथ ही, स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाकर इस पूरे मामले की पुनः समीक्षा की जाए। बिजली बिल हाफ योजना लागू करने की मांग घोष ने यह भी बताया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना लागू की गई थी, जिससे लाखों उपभोक्ताओं को सीधी राहत मिली थी। उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए इस योजना को फिर से लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कांग्रेस ने घोषणा की है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिलेभर में बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर के विरोध में एक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत, कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर आम नागरिकों से हस्ताक्षर और सहमति प्रपत्र भरवाएंगे, ताकि जनता की राय सरकार तक पहुंचाई जा सके। जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश सरकार से जनहित में बिजली दर वृद्धि तत्काल वापस लेने, स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः लागू कर आम जनता को राहत देने की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जनभावनाओं की अनदेखी की, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।