Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

ग्राहक बनकर पहुंचे बदमाशों ने ज्वेलर्स शॉप पर की लूट:दुकानदार की आंखों में मिर्ची पाउडर रगड़कर भागे; 1 को दबोचा, वारदात CCTV में कैद

INT News1 August 2026 at 03:48 pm

सोनीपत जिले के खरखौदा में शनिवार सुबह दिनदहाड़े एक ज्वेलर्स की दुकान पर बेहद शातिर अंदाज में लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। तीन युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे और चांदी के आभूषण खरीदने का बहाना बनाकर पहले दुकानदार के कारीगर को बातचीत में उलझाए रखा। काफी देर तक ब्रेसलेट, चेन और अन्य आभूषण देखने के बाद उन्होंने फोटो खींचने और भुगतान के नाम पर भरोसा जीतने की कोशिश की। इसी दौरान एक युवक ने कारीगर की आंखों में मिर्ची पाउडर फेंक दिया, जबकि उसका साथी ट्रे में रखे चांदी के आभूषण उठाकर बाहर खड़ी स्विफ्ट कार की ओर भाग निकला। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दुकानदार और स्थानीय लोगों ने पीछा कर एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। सूचना मिलने पर खरखौदा पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। ग्राहक बनकर पहुंचे तीन युवक, खरीदारी के बहाने रची साजिश खरखौदा की रत्न सिंह मार्केट, पुराना रोहतक रोड स्थित सावरिया ज्वेलर्स पर काम करने वाले कारीगर भोला ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे सफेद रंग की स्विफ्ट कार में तीन युवक दुकान पर पहुंचे। इनमें से दो युवक दुकान के अंदर आए, जबकि तीसरा कार में ही बैठा रहा। दोनों युवकों ने चांदी के ब्रेसलेट और चेन दिखाने के लिए कहा। वे काफी देर तक अलग-अलग आभूषण देखते रहे और आपस में बातचीत करते रहे। इसी दौरान एक युवक ने कहा कि उसकी बुआ पैसे लेकर आने वाली हैं, जिससे किसी को उन पर शक नहीं हुआ। हिसाब-किताब बनाते समय आंखों में झोंका मिर्ची पाउडर कारीगर के अनुसार जब पुराने और पसंद किए गए आभूषणों का हिसाब-किताब तैयार किया जा रहा था, तभी एक युवक ने अचानक उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। इससे वह कुछ समझ पाता, उससे पहले दूसरा युवक ट्रे में रखी तीन चांदी की चेन, एक ब्रेसलेट और दो लॉकेट उठाकर फरार हो गया। चोरी किए गए आभूषणों की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है। लोगों ने पीछा कर एक आरोपी को दबोचा वारदात के बाद कारीगर ने शोर मचाया तो आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पहचान गांव जागसी निवासी पवन के रूप में हुई है। जबकि उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। पकड़े गए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। मोबाइल पर कैमरा देख रहा था दुकान मालिक दुकान संचालक शिव सम्राट ने बताया कि वह उस समय दुकान पर मौजूद नहीं थे और अपने मोबाइल पर दुकान के सीसीटीवी कैमरे देख रहे थे। तभी उन्होंने देखा कि कारीगर की आंखों में मिर्ची डाली गई है। उसी दौरान कारीगर का भी उनके पास फोन आया। उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर सफेद शर्ट पहने आरोपी की पहचान की और स्थानीय लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया। सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि करीब 10 बजे तीन चेन, एक ब्रेसलेट और दो लॉकेट एक ट्रे में रखे हुए हैं। आरोपी युवकों ने इन्हें एक साथ रखकर फोटो खींचने की बात कही। सफेद शर्ट पहना युवक मोबाइल निकालकर फोटो खींचने की औपचारिकता करता दिखाई देता है, जबकि दूसरा युवक कारीगर के हिसाब-किताब लिखने में व्यस्त होने का इंतजार करता है। जैसे ही कारीगर कॉपी में लिखने लगता है, दूसरा युवक उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर मल देता है और सफेद शर्ट पहना युवक ट्रे उठाकर दुकान से भाग निकलता है। इसके बाद कारीगर शोर मचाते हुए उनके पीछे दौड़ पड़ता है। पुलिस ने शुरू की जांच, फरार आरोपियों की तलाश जारी घटना की सूचना मिलते ही खरखौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दुकान के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं और आसपास लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार दोनों आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।