Friday, 7 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

अब ओडिशा से खिताबी मुकाबला, 8 अगस्त को होगा फाइनल:झारखंड को 2-0 से हराकर फाइनल में पहुंची एमपी की जूनियर हॉकी टीम

INT News7 August 2026 at 12:42 pm

मध्य प्रदेश की जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप-2026 के फाइनल में जगह बनाकर नया इतिहास रच दिया है। कोयंबटूर में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में टीम ने मजबूत मानी जा रही झारखंड को 2-0 से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। पूरे मैच में अनुशासित खेल, मजबूत रक्षा पंक्ति और अंतिम क्षणों में आक्रामक रणनीति ने मध्य प्रदेश को यादगार जीत दिलाई। मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पहले तीन क्वार्टर तक किसी भी टीम को गोल करने का मौका नहीं मिला। झारखंड ने कई बार हमला बोला, लेकिन मध्य प्रदेश की डिफेंस लाइन और गोल कीपर ने उसे सफल नहीं होने दिया। मैच का फैसला अंतिम क्वार्टर में हुआ, जब मध्य प्रदेश ने लगातार दबाव बनाकर विपक्षी टीम की रणनीति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। मैच के 56वें मिनट में राजवीर सिंह ने शानदार फील्ड गोल कर मध्य प्रदेश का खाता खोला और टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके दो मिनट बाद ही 58वें मिनट में आशिर आदिल खान ने दूसरा गोल दागकर झारखंड की वापसी की सभी उम्मीदों पर विराम लगा दिया। निर्धारित समय तक मध्य प्रदेश ने 2-0 की बढ़त कायम रखी और फाइनल में प्रवेश कर लिया। जीत में गोल कीपर जतिन वर्मा की भूमिका भी बेहद अहम रही। उन्होंने पूरे मुकाबले में कई शानदार बचाव किए, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। अब मध्य प्रदेश की टीम 8 अगस्त को होने वाले फाइनल मुकाबले में हॉकी ओडिशा से भिड़ेगी। राष्ट्रीय खिताब के लिए होने वाले इस मुकाबले पर पूरे प्रदेश की निगाहें रहेंगी। मध्य प्रदेश की इस उपलब्धि पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि टीम ने अपने प्रदर्शन से प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी इसी आत्मविश्वास के साथ फाइनल में भी दमदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय खिताब मध्य प्रदेश की झोली में डालेंगे। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने भी टीम को फाइनल में पहुंचने पर शुभकामनाएं देते हुए इसे प्रदेश में विकसित हो रही खेल संस्कृति, बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम बताया। विभाग ने विश्वास जताया कि टीम फाइनल में भी जीत दर्ज कर राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल करेगी।