समाचार · हरियाणा
हिसार में अवैध पिस्तौल के साथ युवक गिरफ्तार:पुलिस का ऑपरेशन ट्रैक डाउन जारी; नेटवर्क का पता लगाने में जुटी टीम
हिसार जिला पुलिस द्वारा अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन ट्रैक डाउन" के तहत सीआईए बरवाला टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध .32 बोर पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हथियार के स्रोत और उसके आपराधिक नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। एसपी सिद्धांत जैन (आईपीएस) के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए बरवाला प्रभारी पीएसआई प्रदीप के नेतृत्व में टीम लगातार संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान एएसआई सूरजमल अपनी टीम के साथ गश्त और अपराध नियंत्रण अभियान के तहत आजाद नगर क्षेत्र में मौजूद थे। पुलिस टीम ने गांव गंगवा के निकट सरसाना माइनर के पास एक युवक को संदिग्ध अवस्था में रोककर उसकी तलाशी ली। आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्तौल बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान सचिन उर्फ हनी पुत्र मनोज निवासी मकान नंबर-217 ए, चंद्रलोक कॉलोनी, आजाद नगर, हिसार के रूप में हुई। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना आजाद नगर में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कोर्ट से रिमांड पर लेगी पुलिस एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी ने अवैध हथियार कहां से प्राप्त किया, इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और उसका किसी आपराधिक गिरोह से कोई संबंध है या नहीं। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा- SP उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस का अभियान "ऑपरेशन ट्रैक डाउन" लगातार प्रभावी ढंग से जारी है। अवैध हथियार रखने, अपराध को बढ़ावा देने या कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।