Friday, 7 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

शिवडोला से पहले छह जर्जर मकानों पर चला बुलडोजर:दो लाख श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कार्रवाई, चार मकान मालिकों को 24 घंटे की मोहलत

INT News7 August 2026 at 02:40 pm

खरगोन में भगवान सिद्धनाथ महादेव के ऐतिहासिक शिवडोला से पहले प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से सख्त कदम उठाए हैं। 30 अगस्त को निकलने वाले शिवडोला में लगभग दो लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए शुक्रवार को शिवडोला मार्ग पर बने 6 जर्जर मकानों को बुलडोजर से ढहा दिया गया। यह कार्रवाई शिवडोला समिति की मांग के बाद कलेक्टर गुरु प्रसाद के निर्देश पर की गई। शेष 4 मकान मालिकों को अपने जर्जर मकान हटाने के लिए 24 घंटे का अंतिम अल्टीमेटम दिया गया है। हाल ही में कलेक्टर गुरु प्रसाद और एसपी रवींद्र वर्मा ने शिवडोला मार्ग का पैदल निरीक्षण किया था। इस दौरान समिति ने जर्जर मकानों के गिरने और बिजली-केबल के झूलते तारों से बड़े हादसे की आशंका व्यक्त की थी। निरीक्षण के बाद नगर पालिका ने मार्ग पर कुल 10 खतरनाक मकानों को चिन्हित किया था। शुक्रवार दोपहर नगर पालिका सीएमओ कमला कौल, स्वास्थ्य प्रभारी प्रकाश चित्ते और राजस्व विभाग की टीम ने झंडा चौक और भावसार मोहल्ला सहित विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया। इस दौरान 6 मकानों को ध्वस्त किया गया। स्वास्थ्य प्रभारी प्रकाश चित्ते ने बताया कि इन मकान मालिकों को पहले ही 8 से 10 नोटिस जारी किए जा चुके थे। शेष 4 मकान मालिकों ने स्वयं मकान हटाने के लिए 24 घंटे का समय मांगा है। यह समय सीमा पूरी होने के बाद नगर पालिका उन पर भी कार्रवाई करेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिवडोला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार का जोखिम स्वीकार्य नहीं होगा।