Friday, 7 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

श्योपुर में कृषि विभाग की टीम पर हमला, VIDEO:निरीक्षण के दौरान विवाद, जान बचाकर भागे कृषि विस्तार अधिकारी, संचालक पर FIR

INT News7 August 2026 at 02:45 pm

श्योपुर की कराहल तहसील में खाद-बीज दुकान के निरीक्षण के दौरान कृषि विभाग की टीम पर गुरुवार शाम को हमला किया गया। आरोप है कि दुकान संचालक ने उप संचालक और कृषि विस्तार अधिकारी और कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जिसके बाद पुलिस ने संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इस घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आया है। जानकारी के अनुसार, कृषि विभाग की टीम खाद-बीज दुकानों के स्टॉक और निरीक्षण के लिए कराहल क्षेत्र में पहुंची थी। इसी दौरान एक दुकान पर निरीक्षण के समय दुकान संचालक नीरज मंगल और विभागीय अधिकारियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान दुकान संचालक नीरज मंगल ने कृषि विस्तार अधिकारी संजीव शाक्य और उनके साथ मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इस घटना के बाद विभागीय अधिकारियों में नाराजगी है। घटना के बाद पीड़ित अधिकारियों ने कराहल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित दुकान संचालक नीरज मंगल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत पर मामला, जांच शुरू कराहल थाना प्रभारी भारत सिंह गुर्जर ने बताया कि कृषि विभाग के अधिकारियों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कृषि विभाग के अधिकारियों ने इस घटना को सरकारी कर्तव्य के दौरान टीम के साथ मारपीट की गंभीर घटना बताया है। विभाग ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।