Friday, 7 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

हरदा में विश्वास सारंग के पैरों में गिरी बुजुर्ग:जमीन विवाद में जांच की गुहार लगाई; अस्पताल में गंदगी देख मंत्री ने CMHO को फटकारा

INT News7 August 2026 at 02:37 pm

हरदा जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग शुक्रवार को लंबे समय बाद हरदा के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के तहत जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कलेक्टर को इमरजेंसी सुविधाओं तथा अन्य पूछताछ के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने जिले के टीबी मरीजों को पोषण आहार किट भी वितरित की। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। अस्पताल के निरीक्षण के दौरान एक बुजुर्ग महिला मंत्री विश्वास सारंग के पैरों में पड़ गई। हाथ जोड़कर न्याय मांगने लगी। बताया जा रहा है कि जमीनी विवाद में कोरकू समाज के एक व्यक्ति ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर दो बहनों ओर उनकी भाभी के साथ मारपीट की गई है। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

CMHO से बोले- यह क्या लगा रखा है?

ट्रामा सेंटर पहुंचने पर मंत्री ने सिटी स्कैन और एक्सरे रूम का निरीक्षण किया। जब वे बाहर आए तो परिसर में गंदगी देखकर सीएमएचओ डॉ. एचपी सिंह पर नाराजगी जताई। उन्होंने पूछा, "यह क्या लगा रखा है?" मंत्री के निरीक्षण के दौरान ही एक सफाई कर्मचारी रैंप पर कई दिनों से जमी गंदगी और परिसर के बाहर पड़े अनुपयोगी सामग्री को साफ कर रहा था। मंत्री ने सफाई एजेंसी पर जुर्माना लगाने और पूरे परिसर में विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी टिप्पणी की, "क्या सफाई तभी होती है जब मैं आता हूं?"

घायल महिलाओं ने शिकायत की

निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग जब महिला वार्ड में पहुंचे, तो वहां भर्ती तीन घायल महिलाओं ने उनसे शिकायत की। इन महिलाओं ने राजस्व विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी सालों से कब्जे वाली जमीन का पट्टा दूसरे व्यक्ति को दे दिया गया है। ग्राम भंवरतलाब की गुलाब बाई अमकरे, उनकी बहन सावित्री रंगीले और सोनतलाई की उनकी भाभी सुमंत्राबाई ने बताया कि उनके परिवार के पास 1961 से 20 एकड़ जमीन है, जिस पर वे खेती कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व विभाग ने 2003 में उसी जमीन का पट्टा कोरकू समाज के एक व्यक्ति को दे दिया, जिसका सीमांकन 30 जून 2026 को हुआ था। इस विवाद के चलते गांव के ही एक व्यक्ति और उसके परिवार के लोगों ने उनके साथ मारपीट की है। मंत्री ने इस मामले में कलेक्टर और एसपी को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंत्री के जाने के बाद एसडीओपी शालिनी परस्ते ने जिला अस्पताल पहुंचकर महिलाओं से जानकारी ली।